सिक्किम को भारत से अलग दिखाये जाने को लेकर उठे विवाद के बाद दिल्ली सरकार ने इस विज्ञापन को वापस ले लिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा सिक्किम भारत का अभिन्न अंग है। ऐसी गलती को अनदेखा नहीं किया जा सकता है। सरकार ने विज्ञापन को वापस ले लिया है और संबधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
इससे पहले उपराज्यपाल अनिल बैजल ने पडोसी राज्यों की तरह दिल्ली सरकार के सिक्किम को देश के नक्शे से अलग दिखाने के मामले में सिविल डिफेंस महानिदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया। दिल्ली सरकार का समाचार पत्रों में एक विज्ञापन छपा है जिसमें सिक्किम को नेपाल और भूटान के साथ भारत से अलग देश बताया गया है।
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह विधूड़ी और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार ने विज्ञापन पर कड़ा ऐतराज जताया था। यह विज्ञापन केजरीवाल सरकार ने सिविल डिफेंस के सदस्यों की भर्ती के लिए निकाला है। विज्ञापन पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की फोटो भी छपी है। सरकार ने विज्ञापन भर्ती कॉलम में लिखा है कि आवेदनकर्ता भारत का नागरिक हो या फिर भूटान, नेपाल या सिक्किम की प्रजा हो तथा दिल्ली का निवासी हो। गौरतलब है कि सिक्किम वर्ष 1975 में भारत का अंग बना था।


Download Android App
Download iOS App



