तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद रविवार को संभालने जा रहे अरविंद केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह की यहां ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं।
नौकरशाह से नेता बने 51 वर्षीय केजरीवाल के लिए अन्ना हजारे के नेतृत्व वाले इंडिया एगेंस्ट करप्शन आंदोलन के दौरान आंदोलन स्थली रहे इस मैदान को सजाया जा रहा है तथा पार्टी कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हुए हैं।
करीब करीब 2015 जैसा ही प्रदर्शन कर केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने हाल के दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज कर सत्ता बरकरार रखी है और मुख्य विपक्षी भाजपा को जबर्दस्त झटका दिया है। सीएए विरोध के बीच हुए इस चुनाव में कांग्रेस का सूफड़ा साफ हो गया ।
आप ने दिल्ली विधानसभा की 70 में 62 सीटें जीती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राकांपा प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, बीजद नेता नवीन पटनायक, द्रमुक नेता स्टालिन समेत कई नेताओं ने केजरीवाल को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी।
दिल्ली सरकार, उत्तरी दिल्ली नगर निगम (रामलीला मैदान उसके अधिकारक्षेत्र में है) ओर लोक निर्माण विभाग शपथ ग्रहण समारोह स्थल को तैयार करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने हाल ही में हुए प्रधानमंत्री के एक कार्यक्रम के लिए मैदान समतल किया था। अन्य कार्य करने की जरूरत थी। हमने दिल्ली सरकार और उसके लोक निर्माण विभाग को अन्य जरूरी इंतजामों के लिए मैदान का प्रभार सौंप दिया है।’’
उन्होंने कहा कि मैदान एवं उसके आसपास शौचालय प्रखंड का काम चल रहा है । मोबाइल शौचालय जैसी अन्य सुविधाओं का का काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि आप नेता गोपाल राय तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को रामलीला मैदान का दौरा करेंगे।
सूत्रों के अनुसार बैठने की व्यवस्था के साथ ही लोगों के खड़े रहने की भी व्यवस्था होगी।


Download Android App
Download iOS App



