Independence Day : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए दिल्ली पुलिस के 17 अधिकारियों और जवानों को राष्ट्रपति पुलिस पदक एवं सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें दो पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक और 15 को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। पदक पाने वाले अधिकारियों और जवानों ने अपराध नियंत्रण, आतंकियों व गैंगस्टरों की गिरफ्तारी, सुरक्षा व्यवस्था, जनसेवा, तकनीकी सुधार और विभागीय प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। राष्ट्रपति पुलिस पदक पाने वालों में एडिशनल कमिश्नर दिनेश कुमार गुप्ता और सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार शामिल हैं।
दिनेश कुमार गुप्ता ने दिल्ली पुलिस में फील्ड ऑपरेशन से लेकर ट्रैफिक और विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियां संभाली हैं। वह पूर्वी, दक्षिण-पश्चिम, उत्तर और नई दिल्ली जिलों में एडिशनल डीसीपी के अलावा रेलवे, आईजीआई एयरपोर्ट, ट्रैफिक, भर्ती सेल और शाहदरा में डीसीपी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। एसआई राजेश कुमार वर्ष 1988 में कांस्टेबल के रूप में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे। उन्होंने क्वार्टर अलॉटमेंट सेल की वेबसाइट को अधिक पारदर्शी बनाने और डायरेक्टरेट ऑफ एस्टेट्स में दिल्ली पुलिस के नोडल अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सेवाओं को देखते हुए वर्ष 2005 में भी उन्हें सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
तकनीकी व्यवस्था मजबूत करने में योगदान
सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में ज्वाइंट सीपी सुरेंद्र कुमार और नूपुर प्रसाद समेत 15 अधिकारी-जवान शामिल हैं। सुरेंद्र कुमार ने दिल्ली पुलिस में ई-बीट बुक, ई-साइन, साइबर फ्रॉड ई-एफआईआर, मेडलीप्र और जिपनेट जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह वर्तमान में क्राइम ब्रांच में ज्वाइंट सीपी के पद पर तैनात हैं। वहीं, नूपुर प्रसाद ने शाहदरा जिले की पहली डीसीपी के रूप में नए जिला ढांचे को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई।
बता दें कि इसके अलावा सीबीआई में रहते हुए उन्होंने अगस्ता वेस्टलैंड और अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े मामले की जांच की निगरानी भी की। मेधावी सेवा पदक पाने वालों में इंस्पेक्टर राकेश कुमार भट्ट, तारा दत्त, एएसआई कैलाश चंद, अंजना कुमारी, सतीश पाटिल, आनंद बल्लभ, प्रदीप कुमार शर्मा, बिंदु और दिनेश कुमारी शामिल हैं। इसके अलावा महिला हेड कांस्टेबल ललिता, शर्मिला, पुष्पा रानी और हेड कांस्टेबल विजय सिंह को भी पदक से सम्मानित किया गया।



Download Android App
Download iOS App




