80th Independence Day : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शनिवार को लोकनिवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राजधानीवासियों से ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली को ऐसा विकसित शहर बनाया जाना चाहिए, जो उत्कृष्टता, सुरक्षा और नागरिक गौरव के मामले में देश के लिए आदर्श बने। समारोह में स्वतंत्रता सेनानी एवं उनके परिवार, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, युवा, विद्यार्थी और आम नागरिक मौजूद रहे। पुलिस की औपचारिक टुकड़ी ने राष्ट्रीय सलामी दी।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए आधुनिक भारत की नींव रखने वाले राष्ट्र निर्माताओं को भी याद किया। उन्होंने लालकिले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के सामने रखी गई ‘शक्ति की सप्तधारा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि विनिर्माण, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार, गति शक्ति, रक्षा शक्ति, हरित एवं नीली अर्थव्यवस्था तथा भारत की सॉफ्ट पावर विकास के सात महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी क्षेत्र दिल्ली के लिए भी प्रासंगिक हैं और राजधानी इनके माध्यम से देश की विकास यात्रा को गति दे सकती है।
संधू ने कहा कि दिल्ली के विकास को केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इसके लिए केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार, नगर निकायों, पड़ोसी राज्यों और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने सार्वजनिक शासन को ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना पर आधारित करने की जरूरत बताई।
यमुना से यातायात तक प्राथमिकताएं
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने राजधानी के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियों में यमुना की सफाई, वायु प्रदूषण पर नियंत्रण, सभी के लिए आवास, सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत के पुनर्जीवन को प्रमुखता से गिनाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के हर जिले, सड़क और मोहल्ले की अपनी पहचान है। सामूहिक प्रयासों से इस क्षमता को नागरिक सुविधा, सम्मान और बेहतर जीवन में बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 50 वर्षों से दिल्ली से उनका जुड़ाव रहा है और यह शहर उनके लिए कर्मभूमि रहा है। उन्होंने युवाओं को राजधानी के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा, नए विचार और नागरिक जिम्मेदारी विकसित दिल्ली की दिशा तय करेंगे।
नागरिकों से जिम्मेदारी निभाने की अपील
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने युवाओं, आरडब्ल्यूए, व्यापारियों, सामाजिक प्रभाव रखने वाले लोगों और आम नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों की रक्षा करने और मौलिक कर्तव्यों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर और सुंदर सार्वजनिक स्थल बना सकती है, लेकिन उन्हें सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखना नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जो शहर अपने कमजोर वर्गों की चिंता करता है, वही वास्तव में सभ्य और प्रगतिशील कहलाता है। उपराज्यपाल ने राजधानीवासियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि दिल्ली को दुनिया की प्रमुख राजधानियों में शामिल किया जाए, जहां आधुनिकता और विरासत का संतुलन दिखाई दे तथा हर नागरिक खुद को सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस करे।



Download Android App
Download iOS App




