नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यहां पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत शीर्ष पार्टी नेताओं की उपस्थिति में नवीनतम संचार प्रौद्योगिकियों से लैस बहुमंजिले नये भाजपा मुख्यालय का उद्घाटन करेंगे। पार्टी का नया कार्यालय दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित है। उच्चतम न्यायालय द्वारा विभिन्न दलों को अपना कार्यालय लुटियन जोन से अन्यत्र ले जाने के निर्देश के बाद भाजपा ऐसा कदम उठाने वाली पहली बड़ी राष्ट्रीय पार्टी बन जाएगी। भाजपा के अपना मुख्यालय अन्यत्र ले जाने से अन्य दलों पर भी ऐसा ही करने का दबाव पड़ सकता है क्योंकि उनमें से करीब करीब सभी दल दशकों से लुटियन जोन के बंगलों में अपना कार्यालय चला रहे हैं। भाजपा का कार्यालय अशोक रोड पर था, जबकि कांग्रेस का मुख्यालय अकबर रोड पर है । ये दोनों परिसर सरकारी निवासों के पूल का हिस्सा हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भाजपा ने अगले हफ्ते से ही अपने वर्तमान कार्यालय से नये कार्यालय में चले जाने की योजना बना ली। मोदी और शाह ने पिछले साल अगस्त में नये मुख्यालय की आधारशिला रखी थी और मुम्बई की एक प्रमुख आर्किटैक्ट कंपनी ने उसका डिजायन तैयार किया है। पार्टी के नये मुख्यालय में आधुनिक संचार सुविधाओं से लैस तीन भवन हैं ताकि पार्टी पदाधिकारी समय पर ही राज्यों एवं स्थानीय स्तरों पर अपने समकक्षों के साथ पार्टी कामकाज पर समन्वय कायम कर सकें। अमित शाह ने 2014 में पार्टी अध्यक्ष का पदभार संभाला था तब से वह सभी राज्यों एवं जिलों में पार्टी के अपने स्वामित्व वाले कार्यालयों के लिए जुटे हुए हैं और इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है। कल उद्घाटन समारोह में लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे पूर्व पार्टी अध्यक्ष भी मौजूद रह सकते हैं।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



