वनडे में मिली करारी हार का बदला लेने के लिए T20 में साउथ अफ्रीका उतारेगी खतरनाक प्लेयर्स

Summary :

NULL

सेंचुरियन : दक्षिण अफ्रीका के कार्यवाहक कप्तान जेपी डुमिनी को उम्मीद है कि एकदिवसीय श्रृंखला में 1-5 की करारी शिकस्त के बाद उनकी टीम भारत के खिलाफ कल से शुरु हो रही तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में युवा खिलाड़ियों और उनकी ‘आक्रमक शैली’ पर निर्भर होगी।
एकदिवसीय श्रृंखला में बुरी तरह शिकस्त झेलने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने टी20 श्रृंखला के लिए 14 सदस्यीय टीम में छह नये खिलाड़ियों को मौका दिया है।

जोहानिसबर्ग में पहला मैच खेला जायेगा। डुमिनी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि नये खिलाड़ियों के आने से हमें फायदा होगा। इस मुद्दे पर हमने आज सुबह भी चर्चा की कि हम ज्यादा से ज्यादा नये खिलाड़ियों को मौका दे सकें। यह प्रारूप अगल है। यह थोड़ा तेज और आक्रामक प्रारूप है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं टीम का नेतृत्व करने को लेकर खुश हूं। मुझे लगता है कि मैं कप्तानी में अपना सर्वश्रेष्ठ कर पाता हूं। मैं इससे काफी उत्सुक हूं।’’ एकदिवसीय में मिली हार पर डुमिनी ने कहा, ‘‘ हां, यह सीरीज काफी निराशाजनक एकदिवसीय श्रृंखला रही, जहां भारतीय टीम ने हमें हर विभाग में पछाड़ दिया। यह ऐसा है जिस पर हमें विचार करना होगा कि विश्व कप से एक साल पहले हम कहां है।’’

dumini

उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे लगता है हमारे लिए वास्तविकता पर विचार करने का समय है। सभी खिलाड़ियों को खुद के प्रदर्शन में सुधार करना होगा ताकि 15 सदस्यीय टीम में जगह पक्की कर सकें।’’ डुमिनी ने बारिश से प्रभावित चौथे एकदिवसीय का उदाहरण देते हुए कहा कि छोटे प्रारूप के मैच में उनकी टीम भारतीय आक्रमण का बेहतर तरीके से सामना करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ अगर आप चौथा मैच देखोगे तो वह कम ओवरों का मैच हो गया था। हमारे लिए यह टी20 के मंच जैसा क्रिकेट हो गया था। मुझे लगता है कि वैसी मानसिकता के साथ हम सर्वश्रेष्ठ करते हैं। इसलिए मैं यह देखने को लेकर काफी उत्सुक हूं कि इस प्रारूप में हम कैसा करते है।’’

डुमिनी ने कहा कि शानदार फार्म में चल रहे भारतीय टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों (शिखर धवन, रोहित शर्मा और कप्तान विराट कोहली) को आउट कर टीम पर दबाव बनाना चाहेंगे। उन्होने कहा, ‘‘ दक्षिण अफ्रीका को भारतीय शीर्ष क्रम को रोकना होगा। एकदिवसीय श्रृंखला में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले विराट कोहली शानदार फार्म में है। शिखर धवन भी अच्छी फार्म में है, एकदिवसीय में आप रोहित शर्मा को नजरअंदाज नहीं कर सकते। ’’

Rohit Sharma

अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।

Desk Team