शादी और बच्चों के बाद भी नहीं छोड़े सपने, प्रिया मुंजाल ने ‘Mrs India 2025 First Runner-Up’ बन रचा इतिहास

Summary :

Priya Munjal News: औरत जब खुद के लिए खड़ी होती है, तो उसकी जीत सिर्फ उसकी नहीं, लाखों सपनों की होती है…” शादी के बाद अक्सर महिलाओं की जिंदगी घर-परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों तक सीमित होकर रह जाती है। धीरे-धीरे उनके सपने, उनकी पहचान और उनका आत्मविश्वास कहीं पीछे छूटने लगता है। लेकिन दिल्ली के प्रीत विहार की रहने वाली प्रिया मुंजाल ने इस सोच को बदलते हुए करोड़ों हाउसवाइफ के लिए प्रेरणा की नई मिसाल कायम कर दी है। कभी 104 किलो वजन से जूझने वाली 33 वर्षीय प्रिया ने मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत के दम पर…

Priya Munjal News: औरत जब खुद के लिए खड़ी होती है, तो उसकी जीत सिर्फ उसकी नहीं, लाखों सपनों की होती है…” शादी के बाद अक्सर महिलाओं की जिंदगी घर-परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों तक सीमित होकर रह जाती है। धीरे-धीरे उनके सपने, उनकी पहचान और उनका आत्मविश्वास कहीं पीछे छूटने लगता है। लेकिन दिल्ली के प्रीत विहार की रहने वाली प्रिया मुंजाल ने इस सोच को बदलते हुए करोड़ों हाउसवाइफ के लिए प्रेरणा की नई मिसाल कायम कर दी है। कभी 104 किलो वजन से जूझने वाली 33 वर्षीय प्रिया ने मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत के दम पर महज एक साल में 40 किलो वजन कम किया। इसके बाद लगातार आठ साल तक मेहनत करते हुए उन्होंने खुद को पूरी तरह फिट बनाया और 57 किलो वजन के साथ मिसेज इंडिया के मंच पर अपनी एक खास पहचान बना ली।

दो बच्चों की मां होने के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि शादी और जिम्मेदारियां किसी महिला के सपनों की आखिरी मंजिल नहीं होतीं। प्रिया बताती हैं कि एक समय ऐसा था जब लोग उन्हें ताने देते थे और वह खुद को आईने में देखने से भी कतराने लगी थीं। लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय खुद को बदलने का फैसला लिया। सुबह परिवार की जिम्मेदारियां निभाने से लेकर देर रात तक खुद पर मेहनत करने वाली प्रिया पहले फिटनेस इंफ्लूएंसर बनी और उसके बाद जयपुर में मिसेज इंडिया 2025 की फर्स्ट रनरअप का खिताब जीता। उनके इस सफर में पति राहुल मुंजाल का साथ उनकी सबसे बड़ी ताकत बना।

Priya Munjal News: आंटी कहे जाने ने बदल दी जिंदगी की दिशा

Priya Munjal News
Priya Munjal News

प्रिया मुंजाल बताती हैं कि उनकी फिटनेस जर्नी की शुरुआत एक छोटे से लेकिन चुभने वाले पल से हुई। जब वह महज 24 साल की थीं, तब एक लड़के ने उन्हें आंटी कह दिया। यह शब्द उनके दिल पर इस कदर लगा कि उन्होंने उसी वक्त ठान लिया कि अब खुद को बदलना है। उस समय उनकी बेटी सिर्फ तीन महीने की थी, लेकिन प्रिया ने हालात को बहाना नहीं बनने दिया। उन्होंने अपने वजन घटाने का सफर शुरू किया और दिनचर्या को पूरी तरह बदल दिया।

सुबह जल्दी उठकर जिम जाना, फिर घर आकर बेटी की देखभाल करना। यह सब उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उनका इरादा मजबूत था। इस दौरान उनके पति राहुल ने भी उनका पूरा साथ दिया। जब प्रिया जिम जाती थीं, तब वह बेटी की जिम्मेदारी संभालते थे। यही संतुलन और सहयोग उनकी फिटनेस जर्नी की मजबूत नींव बना और यहीं से उनके बदलाव की असली शुरुआत हुई।

119 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ बनीं मिसेज इंडिया फर्स्ट रनर-अप

प्रिया मुंजाल बताती हैं कि जब उन्होंने मिसेज इंडिया का फॉर्म भरा था, तब उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि वह इस मुकाम तक पहुंच पाएंगी। शुरुआत में उन्होंने धीरे-धीरे ऑडिशन की तैयारी शुरू की। पहले ऑडिशन के दौरान वह काफी नर्वस थीं, क्योंकि इसमें देशभर से आई हजारों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने एक-एक कर सभी राउंड पार किए और जब उन्हें फाइनल के लिए चुने जाने का मेल मिला, तो वह पल उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। पूरे भारत से चयनित 120 फाइनलिस्ट में जगह बनाना ही उनके लिए बड़ी उपलब्धि थी।

फाइनल राउंड में प्रिया ने 119 अन्य प्रतिभागियों के साथ मंच साझा किया और अपने आत्मविश्वास, मेहनत और व्यक्तित्व के दम पर सबको पीछे छोड़ दिया। जब उन्हें मिसेज इंडिया 2025 में फर्स्ट रनर-अप घोषित किया गया, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यह सिर्फ एक जीत नहीं थी, बल्कि उनके संघर्ष, समर्पण और आत्मविश्वास की सबसे बड़ी पहचान थी।

एक बहू और दो बच्चों की मां बनकर पहना ताज

प्रिया मुंजाल ने बताया कि उनकी शादी 19 साल की उम्र में राहुल से हुई थी। उस समय उनका वजन 80 किलो था, जो बाद में बढ़कर 104 किलो तक पहुंच गया। इसके बावजूद उन्होंने खुद को बदलने का फैसला किया और एक नई शुरुआत की। उन्होंने बताया कि उनके लिए मिसेज इंडिया तक का सफर आसान नहीं था, बल्कि यह संघर्ष, मेहनत और समर्पण से भरा रहा। एक बहू और दो बच्चों की मां होने के नाते उनके सामने घर और करियर के बीच संतुलन बनाना सबसे बड़ी चुनौती थी। वह बताती हैं कि बच्चों की देखभाल, उनकी पढ़ाई और घर की जिम्मेदारियों के बीच अपने लिए समय निकालना बेहद मुश्किल था। कई बार उनके बच्चों को भी यह नहीं पता होता था कि उनकी मां किस लक्ष्य के लिए इतनी मेहनत कर रही हैं।

उनकी दिनचर्या बेहद कठिन थी। वह रोज सुबह चार बजे उठती थीं और रात करीब 11 बजे सोती थीं। इस सफर में उन्होंने भावना सिंह को अपना मेंटॉर बनाया और उनसे वॉक, कम्युनिकेशन, हैंड मूवमेंट और स्टेज प्रेजेंस की ट्रेनिंग ली। सात इंच की हील में लंबे समय तक रहना और कई बार बिना खाए रहना भी उनकी तैयारी का हिस्सा था। इसी कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने मिसेज इंडिया में फर्स्ट रनरअप का खिताब हासिल किया। वह अपनी सफलता का श्रेय अपने पति राहुल को देती हैं, जिन्होंने मुश्किल समय में पूरा साथ दिया। उनका मानना है कि पतला होना नहीं, बल्कि फिट रहना ही असली लक्ष्य होना चाहिए।

मिसेज इंडिया के बाद अब कान फिल्म फेस्टिवल में बिखेरा जलवा

प्रिया मुंजाल अब राष्ट्रीय स्तर से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी खास पहचान बना रही हैं। मिसेज इंडिया में सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने दुबई, पेरिस और मिलान फैशन वीक जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे उनका आत्मविश्वास और पहचान दोनों मजबूत हुए हैं। हाल ही में उन्होंने फ्रांस में हुए कान फिल्म फेस्टिवल जैसे विश्वस्तरीय मंच पर अपना जलवा बिखेरा है, जो उनके करियर का एक बड़ा पड़ाव माना जा रहा है। इसके अलावा प्रिया वह इस साल अक्टूबर में होने वाले मिसेज यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का भी प्रतिनिधित्व करेंगी।

उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि देश के लिए भी गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि वह मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के शो में बतौर गेस्ट के तौर पर हिस्सा ले चुकी हैं, जहां बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन भी मौजूद थीं। लगातार मिल रही इन उपलब्धियों से प्रिया मुंजाल का आत्मविश्वास और भी बढ़ता जा रहा है।

ताना सुनने के बाद लड़ी खुद की पहचान की जंग

प्रिया मुंजाल ने बताया कि उनकी जिंदगी में एक ऐसा पल आया, जिसने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। किसी ने उनसे कहा कि “बच्चे पैदा करने के अलावा जिंदगी में और किया ही क्या है तुमने?” यह बात उन्हें बेहद बुरी लगी, लेकिन यही उनके जीवन का टर्निंग पॉइंट बन गई। उन्होंने तय किया कि अब वह खुद को साबित करेंगी और अपनी एक अलग पहचान बनाएंगी। इसी सोच के साथ उन्होंने मिसेज इंडिया का फॉर्म भरा।

प्रिया कहती हैं कि इस सफर ने उन्हें यह समझाया कि एक महिला की सीमाएं सिर्फ घर की चारदीवारी तक नहीं होतीं। वह मां भी बन सकती है, फिट भी रह सकती है और बड़े मंच पर खड़े होकर अपनी पहचान भी बना सकती है। इसके बाद उन्होंने पूरी मेहनत और लगन से अपनी तैयारियां शुरू कीं। उन्होंने अपनी फिटनेस पर ध्यान दिया और साथ ही ग्रूमिंग व पर्सनालिटी डेवलपमेंट की क्लासेज भी लीं। प्रिया के लिए यह सफर सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खुद को पहचानने और समाज की सोच को बदलने का जरिया बन गया।

पति और परिवार बने सबसे बड़ी ताकत

प्रिया मुंजाल अपनी सफलता का सबसे बड़ा श्रेय अपने पति और परिवार को देती हैं। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही उनके पति राहुल ने हर कदम पर उनका पूरा साथ दिया। खासतौर पर उस समय, जब वह अपनी तैयारियों में पूरी तरह व्यस्त थीं, राहुल ने घर और बच्चों की जिम्मेदारियां संभाल लीं। प्रिया ने बताया कि उनके पति ने सिर्फ एक जीवनसाथी ही नहीं, बल्कि बच्चों के लिए मां और पिता दोनों की भूमिका निभाई।

उन्होंने बताया कि उनका एक बेटा 11 साल और बेटी 8 साल है। ऐसे में घर, बच्चों और अपने सपनों के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं था, लेकिन परिवार के सहयोग ने इस सफर को संभव बना दिया। प्रिया कहती हैं कि अगर उन्हें अपने परिवार का साथ न मिलता, तो वह इस मुकाम तक नहीं पहुंच पातीं। कठिन समय में मिले इस समर्थन ने ही उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।

यह भी पढ़ें: भट्टी की तरह तपी Delhi, राजस्थान में 48 डिग्री के पार पहुंचा पारा, जानें कब मिलेगी गर्मी से राहत

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।