प्रियंका गांधी संभालेंगी दिल्ली विधानसभा चुनाव की कमान!

Summary :

मंगलवार को गुरुद्वारा रकाबगंज स्थित कांग्रेस के वार रूप में कांग्रेस हाईकमान ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ बैठक की।

नई दिल्ली : अगले कुछ महीनों में दिल्ली के अंदर होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से जुट गई है। मंगलवार को गुरुद्वारा रकाबगंज स्थित कांग्रेस के वार रूप में कांग्रेस हाईकमान ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ बैठक की। बैठक में इस बात के संकेत मिले हैं कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दिल्ली विधानसभा की कमान संभाल सकती हैं। बैठक में प्रियंका गांधी ने ​प्रदेश कांग्रेस को साफ निर्देश दिए हैं कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी तरह जुट जाएं और जहां उनकी जरूरत है वहां उन्हें बताएं वह खुद वहां आएंगी। 
उन्होंने कहा कि प्रदूषण के मुद्दे को लेकर मैदान में उतरने की जरूरत है। उन्होंने साफ किया कि केवल एक धरना-प्रदर्शन करने से काम नहीं चलने वाला है। आप सभी को लोगों के सुख-दुख में पहुंचना होगा। बूथ स्तर पर जाएं। तभी दिल्ली में कांग्रेस को सफलता मिल सकती है। प्रियंका गांधी ने ​आज जिस तरह से दिल्ली कांग्रेस को निर्देशित किया है, उससे साफ संकेत हैं कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 
इस बैठक में प्रियंका गांधी के अतिरिक्त केसी वेणुगोपाल, अहमद पटेल, प्रदेश प्रभारी पीसी चाको, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा और सभी विंग के प्रभारी व दिल्ली के तमाम जिलाध्यक्ष इसमें मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस को एक एनजीओ की तरह काम करना होगा, कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों से मिलना होगा। तभी सफलता मिलेगी। 
अहमद पटेल ने बैठक में कहा कि एक सफल प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों को बैठना नहीं है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि अब एक एक्शन प्लान की जरूरत है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस बैठक में सुभाष चोपड़ा ने ब्लॉक अध्यक्षों को लेकर पीसी चाको पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि उनके द्वारा बनाए गए बहुत से ब्लॉक अध्यक्ष काम नहीं कर रहे हैं। 

Desk Team