Purvanchali Identity Protest Delhi: दिल्ली के जाफरपुर गांव में सिर्फ ‘बिहारी’ होने के कारण एक युवक की गोली मार कर हत्या करने की घटना को लेकर रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्वांचल विंग ने सीएम रेखा गुप्ता के आवास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में ‘मैं पूर्वांचली हूं, डरूंगा नहीं, भागूंगा नहीं’ के पोस्टर लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हाल ही में, एक युवक को पुलिसकर्मी ने सिर्फ इसलिए मार डाला, क्योंकि वह बिहार का रहने वाला था। भाजपा सरकार में देश की राजधानी दिल्ली एक असहिष्णु शहर बनता जा रहा है।
पूर्वांचल के लोगों के खिलाफ बढ़ती नफ़रत बेहद चिंताजनक
उधर, सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों के खिलाफ बढ़ती नफ़रत बेहद चिंताजनक है। सिर्फ़ बिहारी होने की वजह से दिल्ली पुलिसकर्मी ने एक नौजवान की हत्या कर दी। क्या भारतीय जनता पार्टी सरकार में यही कानून व्यवस्था है? भाजपा सरकार के संरक्षण में देश की राजधानी दिल्ली में पूर्वांचली समाज के खिलाफ अपराध और अत्याचार बढ़ गए हैं। आज पूर्वांचली समाज पर हो रहे अन्याय के खिलाफ ‘आप’ पूर्वांचली प्रकोष्ठ ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के घर का घेराव किया।
दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों के साथ हुए अन्याय
बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने कहा कि दिल्ली में हम सब लोग एक साथ मिलकर रहते हैं। पहले कभी नहीं सुना गया कि किसी को जाति, धर्म या क्षेत्र के नाम पर गोली मारी गई हो। आखिर इस एक-डेढ़ साल में ऐसा क्या हुआ कि पूरी दिल्ली में इतनी नफरत फैल गई कि आज क्षेत्र और जाति का नाम सुनकर गोली मारी जा रही है। उधर, पूर्व विधायक सोमनाथ भारती ने कहा कि किसी को बिहारी कहकर गोली मार देना सबसे बड़ा अन्याय है। दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों के साथ हुए अन्याय में जितना हाथ भाजपा का है, उतना ही कांग्रेस का भी है। केवल आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल ने ही हमेशा पूर्वांचल के लोगों का साथ दिया है।
Also Read: दिल्ली एसीबी की बड़ी कार्रवाई: प्रतिभा विकास योजना की आड़ में करोड़ों के घोटाले का पर्दाफाश


Download Android App
Download iOS App




