Raghubir Nagar E-rickshaw Battery Fire: पश्चिमी दिल्ली के राघुबीर नगर इलाके से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल यहां आज यानी सोमवार सुबह एक गोदाम में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग पहली मंजिल पर रखी ई-रिक्शा की बैटरी में विस्फोट के बाद लगी। देखते ही देखते आग ने वहां रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली अग्निशमन सेवा का कहना है कि सोमवार सुबह करीब 4:42 बजे मस्जिद गुरुद्वारा रोड स्थित आर-17ए के एक गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और तीन वाटर टेंडर के साथ एक वाटर बाउजर को हादसे वाली जगह भेजा। दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों झुलसे लोगों को अस्पताल ले जाया गया था। उन्हें राघुबीर नगर स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पहली मंजिल पर रखा था घरेलू सामान
दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी। इस मंजिल पर बड़ी मात्रा में घरेलू सामान रखा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ई-रिक्शा की बैटरी में विस्फोट के बाद आग लगी। बैटरी में धमाका किस वजह से हुआ, फिलहाल इसके बारे में किसी भी तरह की जानकारी सामने नहीं आई है।
जिस इमारत में आग लगी, उसमें ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार मंजिलें बताई जा रही हैं। आग पहली मंजिल पर लगी थी, जहां घरेलू सामान रखा हुआ था। आग लगने की सूचना के बाद दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों को भी आग और धुएं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
मृतकों की पहचान का इंतजार
घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल विभाग के एसटीओ बत्ती लाल और एसओ महेश भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आग से जुड़ी स्थिति का जायजा लिया। करीब 5:25 बजे दमकल विभाग की ओर से घटना की स्थिति की जानकारी दी गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें अब हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। साथ ही आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों की पहचान के बारे में फिलहाल किसी भी तरह का अपडेट सामने नहीं आया है। आग कैसे लगी और ई-रिक्शा की बैटरी में विस्फोट के पीछे सही कारण क्या थे, इसकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के कल्यापुरी में MCD सफाई कर्मचारी की चाकू से हत्या, कर्मचारियों का भारी हंगामा



Download Android App
Download iOS App




