अमित शाह बोले – राहुल गांधी शेखचिल्ली जैसी बातें करते हैं

Summary :

अमित शाह ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा वे कहते हैं कि राजस्थान और मध्यप्रदेश में उनकी सरकारें बनेगी। उनकी यह बातें शेखचिल्ली जैसी लगती हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कहते हैं कि राजस्थान और मध्यप्रदेश में उनकी सरकारें बनेगी। उनकी यह बातें शेखचिल्ली जैसी लगती हैं। उन्हे स्वप्न देखना है तो देखें, शेखचिल्ली जैसी बाते नहीं करें।

अमित शाह ने ग्वालियर चंबल संभाग के पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश के 19 प्रदेशों में भाजपा की सरकारें हैं तथा अभी तक जितने भी राज्यों में चुनाव हुए जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार रही थी। उन सब में भाजपा की सरकारें बनी। जहां पहले से थी, वहां दोबारा बनी है।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, झारखंड, जम्मू कश्मीर, मणिपुर, असम, मेघालय, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, नागालैंड, त्रिपुरा, गुजरात और गोवा में भाजपा की सरकारें बनी। अब मध्यप्रदेश, राजस्थान सहित पांचों प्रदेशों में कार्यकर्ताओं को इतनी मेहनत करना है कि प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार है तो बने तथा 2019 में एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बन जाए तथा दूरबीन से ढूंढने पर भी कांग्रेस दिखाई ना दे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार में पाकिस्तान बार-बार आतंकवादी हमले कर हमारे लोगों को मारता था। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार आने के बाद भी उसने ऐसी ही एक हरकत की, जिसके बाद प्रधानमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक कराकर उनके घर में घुसकर आतंकवादियों को मारा, तो गांधी बोले की मानव अधिकारों का हनन हुआ है।

उनके साथ समाजवादी पार्टी (सपा) तृणमूल कांग्रेस, कम्युनिस्टों, पीडीपी ने हां में हां मिलाई यह सब वोट बैंक की राजनीति है। जब आतंकवादियों ने हमारे देश में घुसकर मारा तब मानव अधिकारों की बात क्यों नहीं की गई थी।

शाह ने कहा कि हमारी सेना के जवान गर्मी और भीषण सर्दी में काम करते हैं, देश की रक्षा करते हैं, उनकी मांगों के ऊपर कभी कांग्रेस सरकार ने ध्यान नहीं दिया। नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद उनकी मांग वन रैंक वन पेंशन पूरी की, इन सब बातों की तरफ गांधी को अपना इटालियन चश्मा उतार कर देखना चाहिये।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में एक उद्योगपति, एक राजा, एक महाराजा कांग्रेस की सरकार इस बार बनाने का सपना देख रहे हैं, जबकि कांग्रेस के श्रीमान बंटाधार ने मध्यप्रदेश को बीमार राज्य बना कर रख दिया था।

राहुल गांधी ने PM पर बोला हमला, कहा – नोटबंदी, जीएसटी ने की अर्थव्यवस्था चौपट

Desk Team