दक्षिणी दिल्ली : द्वारका नार्थ इलाके में हेलमेट पहनकर आए बाइक सवार हथियारबंद हमलावरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर आधा दर्जन गोलियां बरसाकर दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी। घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे के आसपास की है, वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।
वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ शख्स को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस के एक अधिकारी ने मृतक की पहचान 45 साल के नरेन्द्र उर्फ निन्टे के तौर पर की है, जो इलाके के ककरौला गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में पता चला कि वह प्रॉपर्टी डीलर था। वह इलाके का दबंग भी था और कुछ लोगों से उसकी रंजिश चल रही थी। पुलिस हत्या की इस घटना को आपसी रंजिश का नतीजा मानकर चल रही है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जांच कर पुलिस आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की रही है।
ऑफिस के सामने मार दी गोली…
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना मंगलवार शाम ओल्ड पालम रोड के पास की है, जहां एमसीडी ऑफिस के पास ही नरेन्द्र का ऑफिस मौजूद है। बताया जाता है कि घटना के दौरान नरेन्द्र ऑफिस से निकलकर अपनी कार में सवार हो रहा था। तभी हेलमेट पहने हुए एक बदमाश उसके पास आया और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। नरेन्द्र कार से निकलकर अपने ऑफिस की तरफ भागा। जिसके बाद हमलावर कार पर चढ़कर फायरिंग करता रहा।
घटना के दौरान बदमाश ने आधा दर्जन से ज्यादा फायरिंग की, जिसमें से नरेन्द्र को तीन गोलियां लगीं। वारदात के बाद आरोपी बाइक के साथ खड़े अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। सरेराह हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घायल को अचेत हालत में वेंकटेश्वर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या की पूरी वारदात घटनास्थल पर लगी सीसीटीवी टीवी में कैद हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस नरेन्द्र के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकाल रही है।
हत्या के प्रयास का आरोप था मृतक पर…
शुरुआती जांच में पता चला कि मृतक पर हत्या का प्रयास जैसे संगीन मामले में भी केस दर्ज था। इसके अलावा द्वारका नॉर्थ थाना और हरियाणा के सोनीपत में धोखाधड़ी के मामले में भी उसपर केस दर्ज था। बताया जाता है कि प्रॉपर्टी के कारोबार के दौरान उसकी कई लोगों से रंजिश भी थी।
लड़ चुका था निगम चुनाव… पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक नरेन्द्र ने वर्ष 2014 में हुए नगर निगम चुनाव में ककरौला वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ चुका था। उसका अपने इलाके में काफी दबदबा भी था।


Download Android App
Download iOS App



