कड़ाके की ठंड के साथ राजधानी में बारिश ने दी दस्तक, अगले एक हफ्ते तक कैसा रहेगा मौसम

Summary :

दिल्ली में बारिश और ठंड का कहर, कहीं होगी बारिश तो कहीं छाएगा कोहरा…

Delhi Weather: सोमवार की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में बारिश ने मौसम बदल कर रख दिया। इतना ही नहीं कुछ इलाकों में तो ओले भी देखने को मिले। इस बीच बारिश के साथ ठंडी हवाओं ने भी लोगों को खूब सताया। बदलते मौसम के मिजाज को देखते हुए आईएमडी ने पश्चिमी विक्षोम की वजह से उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो से तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई है। आपको बता दें कि इस बीच कुछ इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 से भी नीचे आ गया है। कम प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली में ग्रैप-3 की पाबंदियों से छूट दे दी गई है।

मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में राजधानी की हवा फिर से खराब होने की आशंका जताई है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में सोमवार से लेकर और मंगलवार की सुबह तक रुक-रुककर बूंदाबांदी की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस बीच 4 किमी प्रति घंटे से कम की गति में हवाएं भी चल सकती हैं।

दिल्ली में इस हफ्ते कैसा होगा मौसम का मिजाज?

आईएमडी ने आने वाले शुक्रवार को राजधानी में इस हफ्ते का सबसे ठंडा दिन रहने की संभावना जताई है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री पहुंच सकता है। वहीं मंगलवार से लेकर गुरुवार सुबह तक दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने आने वाले शनिवार और रविवार को दिल्ली में ठंड के साथ भारी बारिश की आशंका जताई है।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।