गुरुग्राम के ढाना गांव में पत्नी की हत्या कर फरार हुए एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 47 वर्षीय राजकुमार, निवासी बर्गवा, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शनिवार को KMP एक्सप्रेसवे से गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना 16 जून की रात की है, जब राजकुमार ने अपनी पत्नी रूपा देवी (44 वर्ष) की कथित तौर पर शक के चलते ईंट से वार कर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि रूपा बाथरूम में किसी से फोन पर बात कर रही थी, जिसे लेकर पति ने शक जताया। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, और गुस्से में आकर राजकुमार ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
पहली मंजिल पर मिला खून से लथपथ शव
घटना की जानकारी पुलिस को Emergency Response Vehicle (ERV) के जरिए मिली, जिसके बाद IMT मानेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला का शव घर की पहली मंजिल पर एक कमरे में बेड पर खून से सना मिला था। पुलिस ने मौके पर फिंगरप्रिंट टीम, FSL, सीन ऑफ क्राइम यूनिट और मजिस्ट्रेट को बुलाकर जांच कराई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मकान मालिक ने दर्ज कराई थी शिकायत
मकान मालिक की लिखित शिकायत के अनुसार, राजकुमार 22 मई को अपनी पत्नी रूपा और दो बच्चों – विपिन व अफुल – के साथ मकान के प्रथम तल पर किराए पर रहने आया था। दोनों पति-पत्नी किसी फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। मकान मालिक के अनुसार, घटना से दो दिन पहले पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था।
16 जून को जब मकान के केयरटेकर ने सफाई के दौरान कमरे की कुंडी खुलवाई, तो विपिन (राजकुमार का बेटा) बाहर खड़ा मिला। कमरे के भीतर रूपा देवी का शव बेड पर खून से लथपथ मिला। सिर पर गहरी चोट के निशान थे, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
एसएचओ सत्यवान ने बताया कि पूछताछ में राजकुमार ने हत्या करना स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि 15-16 जून की रात को उसने अपनी पत्नी को बाथरूम में किसी से बात करते सुना। जब उसने इस बारे में सवाल किया, तो बहस शुरू हो गई। गुस्से में आकर उसने पास पड़ी ईंट उठाकर पत्नी के सिर पर दो बार मारा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App




