लोकप्रिय अभिनेता-कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनके पति ‘‘एक योद्धा (फाइटर) हैं और वह हम सभी के बीच वापस लौटेंगे।’’
श्रीवास्तव (58) को 10 अगस्त को दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद से उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की गहन देखभाल इकाई में रखा गया है। अभिनेता की उसी दिन एंजियोप्लास्टी हुई थी जिस दिन उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।
शिखा ने कहा कि उनके पति की हालत स्थिर है और डॉक्टर उनका बेहतर इलाज कर रहे हैं। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टर उनका अच्छा इलाज कर रहे हैं। राजू जी एक फाइटर हैं और वह हम सबके बीच फिर से लौटेंगे। हमें आपकी प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं की जरूरत है।’’
वर्ष 2014 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए श्रीवास्तव के स्वास्थ्य को लेकर बृहस्पतिवार को ट्विटर पर कई पोस्ट में अटकलें लगाई जा रही थीं।
शिखा ने कहा, ‘‘मेरा विनम्र अनुरोध है कि कृपया अफवाह न फैलाएं। यह हमारे मनोबल को प्रभावित करता है। हमें नकारात्मक ऊर्जा नहीं चाहिए, हमें सकारात्मकता चाहिए। कृपया उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करें और वह जल्द ही वापस आ जाएंगे। डॉक्टर अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं और राजू जी उनका साथ दे रहे हैं, वह लड़ रहे हैं। इसलिए कृपया नकारात्मकता न फैलाएं।’’
इससे पहले दिन में एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है और उनकी हालत नाजुक है। उन्हें मस्तिष्काघात हुआ है और वह अचेत हैं।”


Download Android App
Download iOS App



