Ram Temple : आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को भगवान राम के मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग के साथ देशव्यापी सिग्नेचर कैंपेन शुरू किया। दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-10 स्थित जापानी पार्क में आयोजित सुंदरकांड पाठ और हनुमान आरती में बड़ी संख्या में रामभक्त शामिल हुए।
अभियान की शुरुआत में प्रधानमंत्री को भेजी जाने वाली चिट्ठी पर सबसे पहले पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हस्ताक्षर किए, जिसके बाद उपस्थित रामभक्तों ने भी हस्ताक्षर किए।
उन्होंने कहा कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी, जमीनों के घोटाले और निर्माण कार्यों में 40 प्रतिशत कमीशनखोरी के आरोपों से करोड़ों रामभक्त आहत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 40 दिनों के भीतर सीसीटीवी में 70 बार चोरी की घटनाएं दर्ज हुईं और चोरों को बचाने के लिए आठ महीने की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी डिलीट कर दी गई।
“यह हस्ताक्षर अभियान किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि…”
उन्होंने पीएम से अपील की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाए। उनका आरोप था कि जांच के नाम पर केवल छोटे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
केजरीवाल ने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि सभी रामभक्तों का अभियान है। उन्होंने लोगों से अपने-अपने मोहल्लों, मंदिरों और सोसायटियों में हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और आरती का आयोजन कर प्रधानमंत्री को भेजी जाने वाली चिट्ठी पर अधिक से अधिक हस्ताक्षर कराने की अपील की।
प्रधानमंत्री को संबोधित पत्र में रामभक्तों ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और अन्य अनियमितताओं से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंची है तथा दोषियों को सरेआम फांसी की सजा देने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें : गृह मंत्री अमित शाह ने किया ‘जयप्रकाश नारायण लाइब्रेरी’ का उद्घाटन; बोले- ‘दिनकर को पढ़े बिना भारत को नहीं समझ सकते’























