राजधानी दिल्ली के रणहोला इलाके के तिलंगपुर कोटला गांव में एक पति ने शक के दायरे में आकर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय विनय और उसकी 24 वर्षीय पत्नी निशा के रूप में हुई है।
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक, दोनों की शादी करीब 4-5 साल पहले हुई थी और उनकी एक 2-3 साल की मासूम बेटी भी है। यह परिवार पिछले 6-7 महीनों से गांव में एक किराये के मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रह रहा था। विनय उत्तम नगर इलाके में एक प्राइवेट नौकरी करता था।
फोन पर बात करने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन निशा फोन पर किसी से बातचीत कर रही थी, जिसे देखकर विनय बुरी तरह भड़क गया। गुस्से और शक के पागलपन में विनय ने पास ही रखी एक्साइड की एक भारी बैटरी उठाई और निशा के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि निशा वहीं लहू-लुहान होकर फर्श पर गिर पड़ी। पत्नी को मरणासन्न हालत में छोड़ने के बाद, विनय ने खुद भी ‘सल्फास’ की जहरीली गोलियां निगल लीं।
इसके बाद वह अपनी 3 साल की मासूम बेटी को गोद में उठाकर वहां से महज 150 मीटर दूर कोटला विहार फेज-1 स्थित अपनी मां के किराये के कमरे पर पहुंच गया। वहां उसने अपनी बहन प्रिया को पूरी सच्चाई बताते हुए कहा कि उसने निशा को मार डाला है और खुद भी जहर खा लिया है, इसलिए वह तुरंत जाकर निशा को संभाले।
अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों की मौत

भाई की खौफनाक बात सुनते ही बहन प्रिया बदहवास होकर निशा के कमरे की तरफ भागी, जहां निशा खून से लथपथ अचेत पड़ी थी। प्रिया को इस तरह घबराकर भागते देख पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ और उन्होंने तुरंत रणहोला थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में निशा व आरोपी विनय को मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल ले गई। हालांकि, डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही दोनों को ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें – Delhi Factory Fire: चंदन होला की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल की 9 गाड़ियों ने पाया काबू


Download Android App
Download iOS App




