26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली की कनॉट प्लेस मार्केट जाने वाले लोगों को थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। घूमने और शॉपिंग करने वालों के लिए मार्किट 2 बजे खोली जाएगी। वहीं कई मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगा। दिल्ली मेट्रो ने 26 जनवरी के दिन का मेट्रो रूट से जुड़ी अपडेट जारी की है।
कनॉट प्लेस मार्केट एसोसिएशन ने इस बार ये फैसला लिया है कि मार्केट को ग्राहकों के लिए 2 बजे के बाद पूरी तरह से खोल दिया जाएगा ताकि लोग अपने परिवार और दोस्तो के साथ यहां आकर घूम सकें। न्यू दिल्ली ट्रेड एसोसिएशन (एनडीटीए) के एक्सिक्यूटिव मेंबर अमित गुप्ता ने बताया, 26 जनवरी पर अवकाश होता है। हमने हाल ही में एक मीटिंग की थी जिसमें ये तय किया गया कि हम लोग इस बार मार्केट को 2 बजे के बाद ग्राहकों को खोल देंगे।
उन्होंने कहा, कनॉट प्लेस के इनर सर्कल पर ग्राहक ज्यादा आते है, रेस्टोरेंट, मॉल्स और अन्य दुकानों और एसोसिएशन के सदस्यों से ये भी कहा गया है कि यदि आप गणतंत्र दिवस के दिन लोगों को अपने सामान पर छूट देना चाहे वो आप खुद तय कर लें।
केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर कर सकेंगे इंटरचेंज
दिल्ली मेट्रो अपडेट जारी करते हुए कहा, ‘हुडा सिटी सेंटर-समयपुर बादली मेट्रो लाइन पर 26 जनवरी को केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगी। इसके अलावा पटेल चौक और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास सुबह 8.45 बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगे। वहीं केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट बंद रहेंगे, लेकिन यात्री इंटरचेंज कर सकेंगे। यलो लाइन और वॉयलेट लाइन के बीच इंटरचेंज की सुविधा होगी।


Download Android App
Download iOS App



