IIT फ्लाईओवर के नीचे बना खाईनुमा गड्ढा, यातायात हुआ प्रभावित

Summary :

आईआईटी-दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से वहां खाईनुमा एक गड्ढा बन गया। सुबह हुए इस हादसे के बाद इलाके में यातायात प्रभावित हुआ।

दिल्ली में कुछ दिनों की बारिश ने केजरीवाल सरकार के दावों की पोल खोलकर रख दी। शनिवार को आईआईटी-दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से वहां खाईनुमा एक गड्ढा बन गया। सुबह हुए इस हादसे के बाद इलाके में यातायात प्रभावित हुआ। वहीं सोशल मीडिया यूज़र्स ने दिल्ली सरकार को निशाने पर लिया।
दिल्ली में कई दिनों से जारी बारिश के बाद आज सुबह आईआईटी-दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे की बीच सड़क का एक हिस्सा धंस गया। गड्ढा इतना बड़ा है कि इसमें कोई भी कार या बाइक समा सकती है। इससे अंजादा लगाया जा सकता है कि इस गड्ढे से कितना बड़ा हादसा हो सकता था। पर गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने इसकी शिकायत की। 


घटना पर सहायक इंजीनियर उदयभान सिंह ने बताया, “हमें सुबह घटना के बारे में जानकारी मिली। हमने तुरंत बैरिकेडिंग की और ट्रैफिक विभाग से भी संपर्क किया। इस घटना में अब तक कोई नुक़सान नहीं हुआ है।” दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्विटर पर संदेश पोस्ट कर लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने के लिए कहा।

घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर आने के बाद ये खबर भूसे में आग की तरह फ़ैल गई और यूज़र्स ने दिल्ली सरकार की क्लास लगाना शुरू कर दी। कई यूज़र्स ने इस घटना को लेकर सरकार के खुलाफ गुस्सा जाहिर किया तो, कई यूज़र्स ने तंज भरे लहजों से इस सड़क की तुलना लंदन वाली सड़कों से की।
मौसम वैज्ञानिकों ने आज शाम तक मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने शुक्रवार को ऑरेंज अलर्ट जारी कर शनिवार को मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया था। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी के निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताते हुए कई स्थानों पर यातायात बाधित होने की चेतावनी दी थी। विभाग ने रविवार के लिए ‘येलो’ अलर्ट और सोमवार के लिए फिर से ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

Desk Team