सदर बाजार में त्योहारी सामान की धूम, ऑनलाइन ऑर्डरों का बढ़ा ट्रेंड

Summary :

Festive Good Galore In Sadar Bazaar : स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी नजदीक आते ही एशिया के सबसे बड़े थोक बाजारों में शामिल सदर बाजार में कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। बाजार की दुकानों पर राखियां, तिरंगे, राष्ट्रीय ध्वज, बैज और सजावटी सामान की नई खेप लगातार पहुंच रही है। खास बात यह है कि इस बार व्यापारी केवल बाजार में आने वाले ग्राहकों पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि व्हाट्सएप और कोरियर के जरिए भी बड़े पैमाने पर ऑर्डर मंगवा और भेज रहे हैं। दिल्ली के साथ-साथ आसपास के राज्यों के दुकानदार भी ऑनलाइन ऑर्डर देकर माल बुक करा…

Festive Good Galore In Sadar Bazaar : स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी नजदीक आते ही एशिया के सबसे बड़े थोक बाजारों में शामिल सदर बाजार में कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। बाजार की दुकानों पर राखियां, तिरंगे, राष्ट्रीय ध्वज, बैज और सजावटी सामान की नई खेप लगातार पहुंच रही है। खास बात यह है कि इस बार व्यापारी केवल बाजार में आने वाले ग्राहकों पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि व्हाट्सएप और कोरियर के जरिए भी बड़े पैमाने पर ऑर्डर मंगवा और भेज रहे हैं। दिल्ली के साथ-साथ आसपास के राज्यों के दुकानदार भी ऑनलाइन ऑर्डर देकर माल बुक करा रहे हैं।

व्यापारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के कारण बाजार में फुटफॉल फिलहाल थोड़ा कम है, लेकिन थोक ऑर्डर लगातार मिलने से कारोबार की रफ्तार बनी हुई है। उनका मानना है कि जैसे-जैसे त्योहार करीब आएंगे, बाजार में ग्राहकों की भीड़ और बिक्री दोनों में तेजी आएगी।

व्यापारियों के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस को लेकर बाजार में हर तरह का सामान उपलब्ध है। दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब समेत कई राज्यों के दुकानदार ऑनलाइन माध्यम से माल बुक करा रहे हैं। ऐसे में दुकानदार ग्राहकों को व्हाट्सएप पर फोटो और वीडियो भेज कर डिजाइन पसंद कराए जा रहे हैं, जिसके बाद तुरंत पैकिंग कर कोरियर के जरिए माल भेजा जा रहा है।

उनका कहना है कि इस बार 15 अगस्त, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी से जुड़े अधिकांश सामानों की कीमतों में करीब 15 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इसका खरीदारी पर खास असर नहीं पड़ा है। आने वाले दिनों में ऑर्डर और बढ़ने की उम्मीद है। बाजार में इस समय तिरंगे, झंडे, तिरंगा डिजाइन वाली क्लिप, हैंड बैंड, पटके, पगड़ियां, बैज, बच्चों की देशभक्ति थीम वाली ड्रेस समेत कई तरह का सामान उपलब्ध है। वहीं रक्षाबंधन के लिए आकर्षक राखियों की बड़ी रेंज और जन्माष्टमी के लिए कान्हा की पोशाक, मुकुट, बांसुरी, मोर पंख व अन्य पूजन सामग्री भी दुकानों पर सजी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि इस बार तीन बड़े त्योहार एक साथ होने से कारोबार पिछले साल के मुकाबले बेहतर रहने की पूरी उम्मीद है।

भारतीय राखियों की बढ़ी मांग

व्यापारियों का कहना है कि इस बार ग्राहकों का रुझान पूरी तरह भारतीय राखियों की ओर देखने को मिल रहा है। पहले जहां बाजार में चीनी राखियों की अच्छी-खासी मांग रहती थी, वहीं अब लोग ‘मेड इन इंडिया’ राखियां खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। तिरंगा थीम वाली राखियों के साथ बच्चों के लिए कार्टून, एलईडी और म्यूजिक वाली आकर्षक राखियां भी खूब बिक रही हैं। बाजार में राखियों की कीमत 50 पैसे से शुरू होकर 50 रुपये और उससे अधिक तक है, जिससे हर बजट के ग्राहकों के लिए विकल्प मौजूद हैं।

Sumant Chaudhary