अरविंद केजरीवाल की माफी ‘आप’ पर भारी पड़ती दिख रही है। पार्टी के कई नेता इससे खासे नाराज हैं। आप सांसद भगवंत मान ने पंजाब अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। अरविंद केजरीवाल के माफी मांगने के बाद से ‘आप’ के कई नेता नाराज बताए जा रहे हैं। भगवंत मान ने फेसबुक पर पंजाबी और अंग्रेजी भाषा मे पोस्ट करते हुए अपने इस्तीफ़े की जानकरी दी है। भगवंत मान ने लिखा ”मैं आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे रहा हूं, लेकिन ड्रग माफिया और तमाम भ्रष्टाचार के खिलाफ मेरी लड़ाई एक ‘आम आदमी’ की तरह जारी रहेगी।
इससे पहले से ही केजरीवाल और पार्टी से नाराज नेताओं ने सार्वजनिक रूप से हमला किया है तो अब पार्टी में वरिष्ठ पदों पर बैठे नेताओं ने भी सरेआम नाराजगी दिखाई है। पार्टी की ओर संसद में भेजे गए संजय सिंह ने इस प्रकरण में अरविंद केजरीवाल से दूरी बना ली है। संजय ने कहा है कि वह अरविंद केजरीवाल के मसले पर कुछ नहीं कहेंगे। लेकिन उन्होंने फिर साफ कहा कि मैं अपनी बात पर कायम हूं कि मजीठिया ड्रग्स डीलर है और उसे जेल जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई में नाराजगी है और आप नेताओं को भगवंत मान से बात करनी चाहिए।
गौरतलब है कि पंजाब चुनाव प्रचार के दौरान बिक्रम सिंह मजीठिया पर आम आदमी पार्टी के नेताओं अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, आशीष खेतान ने पब्लिक मीटिंग में और रैलियों के दौरान मजीठिया और उनके परिवार पर ड्रग्स की तस्करी करने और पंजाब में नशीले पदार्थ बेचने के आरोप लगाए थे। इसके बाद चुनाव खत्म होने के बाद बिक्रम सिंह मजीठिया ने अमृतसर जिला अदालत में अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और आशीष खेतान पर मानहानि का केस कर दिया था।
केस में सुनवाई अब निर्णायक मोड़ पर थी और अरविंद केजरीवाल को ये अहसास हो गया कि इस मानहानि के केस का फैसला उनके खिलाफ आ सकता है। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने बिक्रम सिंह मजीठिया को चिट्ठी लिखकर माफी मांग ली है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



