Delhi-Mumbai Expressway : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे शुरू होने से पहले सराय काले खां जंक्शन पर बढ़ने वाले ट्रैफिक को संभालने की तैयारी शुरू हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने डीएनडी-सोहना नेशनल हाईवे कॉरिडोर से जुड़े इस अहम जंक्शन पर जाम की समस्या का स्थायी समाधान तलाशने के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का फैसला लिया है। इस रिपोर्ट के आधार पर ऐसे उपाय सुझाए जाएंगे, जिनसे ट्रैफिक सुचारू रहे, जाम कम हो और लोगों का सफर पहले से आसान और सुरक्षित बन सके।
सराय काले खां लूप दिल्ली के सबसे व्यस्त ट्रैफिक जंक्शनों में से एक है। यहां आश्रम, डीएनडी, नोएडा और सराय काले खां की ओर से आने वाला ट्रैफिक एक ही जगह पर आकर मिलता है। अभी भी पीक ऑवर में यहां अक्सर लंबा जाम देखने को मिलता है। आने वाले समय में डीएनडी-सोहना कॉरिडोर शुरू होने के बाद इस रास्ते से वाहनों की संख्या और बढ़ जाएगी। ऐसे में अगर पहले से तैयारी नहीं की गई तो ट्रैफिक का दबाव और ज्यादा बढ़ सकता है। इसी वजह से एनएचएआई ने समय रहते इस पर काम शुरू कर दिया है।
डीपीआर के दौरान पूरे जंक्शन का विस्तार से अध्ययन किया जाएगा। इसमें देखा जाएगा कि कहां ट्रैफिक सबसे ज्यादा फंसता है, किन जगहों पर सड़क या जंक्शन में बदलाव की जरूरत है और किस तरह के निर्माण कार्य से जाम को कम किया जा सकता है। साथ ही वाहनों की आवाजाही को तेज और सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी इंजीनियरिंग समाधान भी सुझाए जाएंगे, जिससे एक्सप्रेस-वे शुरू होने के बाद ट्रैफिक बिना रुकावट आगे बढ़ सके।
समय पर लागू होने से मिलेगी लोगों को राहत
अधिकारियों का कहना है कि अगर डीपीआर के सुझावों को समय पर लागू कर दिया जाता है तो सराय काले खां पर लगने वाले जाम में काफी कमी आ सकती है। इससे दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच आने-जाने वाले लाखों लोगों को राहत मिलेगी और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के साथ डीएनडी-सोहना कॉरिडोर का पूरा फायदा भी मिल सकेगा। एनएचएआई के अनुसार, यह पहल एनसीआर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, यात्रा का समय घटाने और लोगों को सुरक्षित व सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



Download Android App
Download iOS App




