जिंदा दफन होने का स्टंट बना मौत का फंदा, 36 घंटे गड्ढे में बंद रहने से नूह में साइकिल स्टंटमैन की जान गई

Summary :

नूंह के खोरी कलां गांव में सर्कस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। स्टंट के तहत 24 घंटे के लिए गड्ढे में जिंदा दफनाए गए फरीदाबाद के 27 वर्षीय स्टंटमैन दीपक की 36 घंटे तक बाहर न निकाले जाने से दम घुटने से मौत हो गई।

Haryana Circus Performer Death

Haryana Circus Performer Death : हरियाणा के नूंह जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तावडू उपमंडल के खोरी कलां गांव में चल रहे एक ट्रैवलिंग साइकिल सर्कस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। फरीदाबाद के गौंछी गांव के रहने वाले 27 वर्षीय स्टंटमैन दीपक की जिंदा दफन होने के जानलेवा स्टंट के दौरान मौत हो गई।

दीपक सर्कस में साइकिल से करतब दिखाने के लिए जाने जाते थे। शो के आखिरी दिन उन्हें बोरी में बंद कर गड्ढे में दफनाया गया था। वादा तो 24 घंटे में बाहर निकालने का था, लेकिन करीब 36 घंटे तक बाहर न निकाले जाने के कारण दम घुटने से उनकी जान चली गई।

₹7,100 के चंदे की शर्त ने ली जान

Haryana Circus Performer Death

प्रत्यक्षदर्शी संचित सिंह के मुताबिक, आयोजकों ने दर्शकों के सामने शर्त रखी थी कि जब तक 7,100 रुपये का चंदा जमा नहीं होगा, तब तक दीपक को गड्ढे से बाहर नहीं निकाला जाएगा। इसी पैसों के फेर में रेस्क्यू में काफी देरी हुई और जब गड्ढा खोदा गया, तब तक दीपक दम तोड़ चुके थे। इस लापरवाही ने पूरे इलाके में गुस्सा भर दिया है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी जांच

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और सर्कस के सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि सीआरपीसी/आईपीसी की धारा 174 (अस्वाभाविक मौत) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि समय पर रेस्क्यू क्यों नहीं किया गया और इस भारी लापरवाही का जिम्मेदार कौन है।

यह भी पढ़ें – हरियाणा ब्यूरो ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज के नवनियुक्त चेयरमैन मोहन लाल कौशिक (बडोली) आज लेंगे शपथ, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जताया आभार

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।