Mohan Lal Kaushik Oath Ceremony: हरियाणा सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक (बडोली) को हरियाणा ब्यूरो ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज (HBPE) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। आज सायं लगभग 4 बजे आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। नियुक्ति से संबंधित सेवा शर्तें सरकार द्वारा अलग से जारी की जाएंगी। शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व पत्रकारों से बातचीत करते हुए मोहन लाल बडोली ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
बच्चों की सुरक्षा पर सरकार सख्त: बडोली
उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया जाएगा। विभाग की कार्यप्रणाली को प्रभावी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे तथा जनहित और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। देश में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मोहन लाल बडोली ने कहा कि केंद्र सरकार बच्चों के भविष्य और उनकी सुरक्षा को लेकर अत्यंत गंभीर है। उन्होंने कहा कि संसद में विपक्ष द्वारा हंगामे के बीच भी सरकार बच्चों के हितों की रक्षा के लिए कड़े कानून और सख्त सजा के प्रावधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि बच्चों की सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
पंजाब सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार पर भी निशाना साधा। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के संदर्भ में मोहन लाल बडोली ने कहा कि जब वे स्वयं शिक्षा मंत्री हैं, तब भी पंजाब में पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी घटनाओं के बाद अब तक उन्होंने अपने पद से इस्तीफा क्यों नहीं दिया है। मोहन लाल बडोली ने कहा कि जनता के विश्वास को बनाए रखना जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और शासन-प्रशासन में जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा सरकार के नेतृत्व में राज्य निरंतर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।



Download Android App
Download iOS App




