नई दिल्ली : दिल्ली सरकार शिक्षा निदेशालय के तहत आने वाले 29 जोन में से प्रत्येक में एक विज्ञान प्रतिभा विद्यालय बनायेगी। इन स्कूलों में सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया ने राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित और पर्यावरण प्रदर्शनी के मौके पर उक्त घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में विज्ञान विषय के सर्वोत्तम शिक्षकों सहित छात्रों के लिए सभी आवश्यक संसाधनों से युक्त लैब होंगी।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने स्कूल में आयोजित प्रदर्शनी में रखे मॉडल एवं अन्य वस्तुओं को भी देखा। सूरजमल विहार स्थित राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षामंत्री ने छात्रों को नवीन परियोजनाओं को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हमारे बच्चों ने इन परियोजनाओं के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक सोच और क्षमताओं का प्रदर्शन किया है। ये सिर्फ प्रोजेक्ट नहीं बल्कि हमारी युवा पीढ़ी के सपने हैं। उन्होंने कहा कि मुझे सभी शिक्षकों और छात्रों में उत्साह देखकर खुशी हुई।


Download Android App
Download iOS App



