नई दिल्ली : आगामी गर्मी के सीजन में दिल्ली के लोगों की पानी संबंधी परेशानियों का अंत हो सकता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और जलबोर्ड के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को जलबोर्ड की 142वीं बैठक में ऐसी ही परेशानियों के निवारण के लिए कुछ प्रोजेक्ट्स और योजनाओं को स्वीकृति दी। दिल्ली सचिवालय में आयोजित बैठक में जलबोर्ड ने ओखला ड्रेनेज जोन के तहत संगम विहार की विभिन्न कॉलोनियों में सीवर लाइन डालने के काम को मंजूरी दे दी। इस क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति को सुधारने की दिशा में भी एक अहम निर्णय लिया गया। इसके तहत बदरपुर सब-जोन में सीवरेज इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए ताजपुर में 10 एमजीडी डी-सेंट्रलाइज्ड वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा।
साथ ही बदरपुर विधानसभा की ताजपुर कॉलोनी में सीवर लाइन डाली जाएगी। इससे तकरीबन 5.71 लाख लोगों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि नांगल देवात गांव में जलबोर्ड अब फिल्टर्ड वाटर मुहैया कराया जाएगा। साथ ही तुगलकाबाद में चुरिया मोहल्ला, संत मोहल्ला, वाल्मीकि मोहल्ला और सुभाष कॉलोनी में अब दिल्ली जलबोर्ड की पाइप लाइन के जरिए पानी पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवली विधानसभा की ए ब्लॉक, बी ब्लॉक, बी 1 ब्लॉक, बी ब्लॉक वाई एरिया, संगम विहार ए ब्लॉक जैसी कच्ची कॉलोनियों में भी पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



