सीबीआई ने खत्म की जेएनयू के लापता छात्र नजीब अहमद की तलाश

Summary :

नजीब अहमद 15 अक्टूबर, 2016 को JNU के माही-मांडवी छात्रावास से लापता हो गया था। इससे पिछली रात उसका कुछ छात्रों के साथ झगड़ा हो गया था।

सीबीआई ने जेएनयू के लापता छात्र नजीब अहमद के मामले को अंतत: बंद कर दिया है क्योंकि उसका पता लगाने के एजेंसी के प्रयासों का कोई नतीजा नहीं निकला। अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि एजेंसी ने दिल्ली उच्च न्यायालय की अनुमति प्राप्त करने के बाद हाल ही में पटियाला हाउस अदालत में अपनी रिपोर्ट जमा की।

उन्होंने कहा कि अदालत मामले में सुनवाई 29 नवंबर को कर सकती है। मामले को बंद करने के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय की अनुमति लेते हुए एजेंसी ने कहा कि सभी पहलुओं पर पड़ताल की गयी लेकिन उसे किसी अपराध का कोई सुराग नहीं मिला। एजेंसी ने पिछले साल मई में जांच शुरू की थी।

बता दें कि नजीब अहमद 15 अक्टूबर, 2016 को जेएनयू के माही-मांडवी छात्रावास से लापता हो गया था। इससे पिछली रात उसका कुछ छात्रों के साथ झगड़ा हो गया था जो कथित तौर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े थे। एजेंसी ने नजीब के बारे में कोई भी सूचना देने पर 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

नजीब को इंसाफ दिलाने के लिए सड़कों पर उतरीं ‘मां’

Desk Team