सरोजनी नगर मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

Summary :

गणतंत्र दिवस और आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों के मद्देनजर साउथ दिल्ली के बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर ​दी गई है।

दक्षिणी दिल्ली : गणतंत्र दिवस और आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों के मद्देनजर साउथ दिल्ली के बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर ​दी गई है। खास तौर से साउथ दिल्ली के अति व्यस्त रहने वाले सरोजनी नगर मार्केट में चप्पे-चप्पे पर पुलिस द्वारा पैनी निगरानी की जा रही है। करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम के सुरक्षा घेरे में बाजार को रखा गया है। 
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि साउथ दिल्ली में स्थित सरोजनी नगर मार्केट ऐसा मार्केट है, जहां रोजाना हजारों की तादाद में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। बाजार में हमेशा भीड़भाड़ बनी रहती है जिसकी वजह सुरक्षा की दृष्टि से इसे बेहद संवेदनशील माना जाता है। गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा को लेकर हाईअलर्ट जारी किया गया है। जिसके बाद मार्केट की सुरक्षा कड़ी कर दी है। एसएचओ ओम प्रकाश पवार के नेतृत्व में 50 पुलिसकर्मियों की टीम लगातार मार्केट की सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। 
मार्केट में पहले से इंस्टॉल किए गए सीसीटीवी कैमरे में 21 कैमरों की इजाफा करते हुए उसकी संख्या 79 कर दी गई है। जिससे मार्केट की चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जा सके। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पर निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से लगातार मॉनिटरिंग की जाती है। मार्केट में बनाए गए वॉच टावर पर गन के साथ पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। 

Desk Team