Seetapuri Chanakya Place Sealing: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पश्चिमी जोन ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सीता पुरी और चाणक्य प्लेस इलाके में चल रही गैरकानूनी यूनिट्स पर शिकंजा कसा है। जोन के डिप्टी कमिश्नर कर्नल विनोद अत्री के नेतृत्व में गुरुवार को संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें कई विभागों की टीमें शामिल रहीं। अभियान के दौरान वार्ड नंबर 104 (जनकपुरी साउथ) और 105 (महावीर एन्क्लेव) में कुल पांच अवैध रूप से संचालित यूनिट्स की पहचान की गई। इन यूनिट्स में नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई का निर्णय लिया।
दिल्ली पुलिस की टीमों ने मिलकर निरीक्षण और सत्यापन किया
कार्रवाई में एमसीडी के साथ राजस्व विभाग (जीएनसीटीडी), दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी), बीएसईएस और दिल्ली पुलिस की टीमों ने मिलकर निरीक्षण और सत्यापन किया। जांच के बाद तीन यूनिट्स को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि दो स्थान खाली या आवासीय उपयोग में पाए गए, जहां किसी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि नहीं मिली। अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह की संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य अवैध औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाना है, जो न केवल नियमों का उल्लंघन करती हैं बल्कि स्थानीय निवासियों के लिए भी परेशानी का कारण बनती हैं।
नियमों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं
एमसीडी ने साफ किया है कि पश्चिमी जोन में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और जहां भी अवैध यूनिट्स संचालित होती पाई जाएंगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि नियमों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शहर में व्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं।


Download Android App
Download iOS App




