समय बचाने निकले, समय गंवाकर लौटे, इंडिया गेट पर ट्रैफिक पुलिस की ‘पाठशाला’ ने बदल दी सोच

Summary :

Traffic Police : राजधानी के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इंडिया गेट के सी-हेक्सागन पर शनिवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अनोखी ‘ट्रैफिक पाठशाला’ लगाई। इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि वाहन चालकों की सोच बदलना था। अभियान के दौरान एक दिलचस्प बात सामने आई कि अधिकांश चालक कुछ मिनट बचाने के लिए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। यही जल्दबाजी उनके लिए और अधिक समय की बर्बादी का कारण बन गई। एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन, डीसीपी नई दिल्ली ट्रैफिक जिमी चिराम की देखरेख में एसीपी वेद प्रकाश तथा तिलक…

Traffic Police : राजधानी के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इंडिया गेट के सी-हेक्सागन पर शनिवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अनोखी ‘ट्रैफिक पाठशाला’ लगाई। इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि वाहन चालकों की सोच बदलना था। अभियान के दौरान एक दिलचस्प बात सामने आई कि अधिकांश चालक कुछ मिनट बचाने के लिए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। यही जल्दबाजी उनके लिए और अधिक समय की बर्बादी का कारण बन गई। एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन, डीसीपी नई दिल्ली ट्रैफिक जिमी चिराम की देखरेख में एसीपी वेद प्रकाश तथा तिलक मार्ग ट्रैफिक सर्कल के इंस्पेक्टर अनिल कुमार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया।

ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को रोककर पहले उन्हें सड़क सुरक्षा के नियम समझाए, फिर उनके चालान किए। अधिकारियों ने बताया कि लोग कुछ मिनट पहले पहुंचने के लिए रेड लाइट जंप, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और गलत पार्किंग जैसी गलतियां करते हैं, लेकिन चालान, जांच और कानूनी कार्रवाई के कारण उनका सफर और लंबा हो जाता है। यानी जिस समय को बचाने के लिए नियम तोड़े जाते हैं, वही समय सबसे ज्यादा बर्बाद हो जाता है। अभियान के दौरान कुल 16 चालान किए गए और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। इनमें 6 रेड लाइट जंप, 5 बिना हेलमेट, 4 गलत पार्किंग और 1 रॉन्ग साइड ड्राइविंग का चालान शामिल रहा।

इसी तरह का जागरूकता अभियान अशोक विहार ट्रैफिक सर्कल में भी डीसीपी ट्रैफिक राजीव कुमार अंबास्ता के मार्गदर्शन, एसीपी राजेश कुमार की निगरानी और इंस्पेक्टर कमल कोहली के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जहां वाहन चालकों को नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया गया। वरिष्ठ ट्रैफिक अधिकारियों ने वाहन चालकों को बताया कि हर वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में सैकड़ों लोग अपनी जान गंवाते हैं। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन केवल अपनी ही नहीं, बल्कि दूसरे लोगों की जिंदगी भी खतरे में डालता है। इसलिए कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी कभी भी सुरक्षित विकल्प नहीं हो सकती।

 

 

Sumant Chaudhary