नयी दिल्ली : भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने रविवार को पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की आलोचना करते हुए कहा कि उनको खुद को पाकिस्तान की कैबिनेट में शामिल करना चाहिए क्योंकि उस देश के प्रति उनका प्रेम बढ़ता जा रहा है। कसौली में एक उत्सव में सिद्धू के पाकिस्तान के दक्षिण भारत की तरह लगने संबंधी मीडिया में आयी खबरों का हवाला देते हुए पात्रा ने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस सरकार की देश को उत्तर और दक्षिण के आधार पर बांटने की ‘साजिश’ है।
पात्रा ने संवाददाताओं से कहा कि पाकिस्तान के लिए जिस तरह उनके (सिद्धू) मन में प्यार बढ़ रहा है उसे देखते सिद्धू को यही सलाह दे सकते हैं कि उन्हें इमरान खान की कैबिनेट का हिस्सा बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के साथ बार-बार जुड़ना साजिश दिखाता है। यह उत्तर और दक्षिण भारत को विभाजित करने की उनकी मानसिकता को दर्शाता है और यह पूरी कांग्रेस द्वारा एक रणनीति के तहत किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



