SIR News : दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की समयसीमा एक बार फिर बढ़ा दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार को संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख 24 अगस्त से बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी है। वहीं, अंतिम मतदाता सूची अब 27 अक्टूबर के बजाय 4 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। यह एसआईआर कार्यक्रम में तीसरा संशोधन किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्था का काम अब 24 अगस्त तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 31 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसी दिन से दावे और आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 30 सितंबर तक चलेगी। दावे और आपत्तियों से संबंधित नोटिस जारी करने तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया 31 अगस्त से 29 अक्टूबर तक चलेगी।
वहीं इसके बाद 4 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इससे पहले आयोग ने अंतिम सूची के प्रकाशन के लिए 27 अक्टूबर की तारीख तय की थी।
31 अगस्त को जांच सकेंगे नाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली के कार्यालय के अनुसार, जिन मतदाताओं ने अपना गणना प्रपत्र जमा किया है, वे 31 अगस्त को जारी होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकेंगे। प्रारूप मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाताओं को सूची में अपना नाम और विवरण जांचने के बाद किसी तरह की आपत्ति या सुधार होने पर निर्धारित अवधि में दावा या आपत्ति दाखिल करने का अवसर मिलेगा।



Download Android App
Download iOS App




