नई दिल्ली : राजौरी गार्डन से भाजपा विधायक और शिरोमणी अकाली दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। तिलक नगर थाने में दर्ज करवाई शिकायत में सिरसा ने केजरीवाल पर उन्हें बदनाम करने की साजिश रचने, उनके विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को गुमराह करने, डराने और लालच देने का आरोप लगाया है।
वहीं सिरसा का आरोप है कि उनके क्षेत्र के मतदाताओं को फोन कर कहा जा रहा है कि भाजपा ने उनके नाम मतदाता सूची से कटवा दिए थे, लेकिन अरविंद केजरीवाल के संजीदगी भरे प्रयासों के साथ उन्हें फिर से मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया है। सिरसा ने शिकायत में बाकायदा उदाहरण देते हुए कहा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र के विष्णुगार्डन और मद्दीवाली गली इलाके के दो निवासियों को फोन आया है।
सिरसा ने पुलिस से अपील की है कि इस मामले को गंभीरता से लेकर अरविंद केजरीवाल और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया जाए जो इस साजिश में शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो फोन करके मतदाताओं को गुमराह कर रहे हैं, उन्हें भी तुरंत गिरफ्तार करके हिरासती पूछताछ की जाए, जिससे पता लग सके कि वह कहां बैठ कर फोन कर रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



