दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी से कहा कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में वह अपनी हार स्वीकार करे और मेयर के चुनाव सुगमता से संपन्न कराने में मदद करे। दिल्ली नगर निगम के सदन की कार्यवाही मंगलवार को कुछ पार्षदों के हंगामे के बीच महापौर और उप महापौर के चुनाव के बिना स्थगित कर दी गयी।
सिसोदिया ने भाजपा पर लगाया आरोप
निर्वाचित और मनोनीत पार्षदों के शपथ ग्रहण करने के बाद सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गयी, जिस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पार्षदों ने ‘मोदी मोदी’ के नारे लगाये और आम आदमी पार्टी के प्रमुख तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आप के वरिष्ठ नेता सिसोदिया ने भाजपा पर मेयर चुनाव से ‘भागने’ का भी आरोप लगाया।
एमसीडी चुनाव से बचने की कोशिश की
सिसोदिया ने कहा, ‘‘सभी ने भाजपा की नौटंकी देखी। जनता एमसीडी में उनके शासन से तंग आ चुकी थी। उन्होंने दिल्ली को कचरे के पहाड़ दिये और पूरी राजधानी को तबाह कर दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पहले उन्होंने एमसीडी चुनाव से बचने की कोशिश की और जब जनता ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया, तो वे मेयर के चुनाव से भाग रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा को एमसीडी चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर लेनी चाहिए और मेयर का चुनाव सुगम तरीके से कराना चाहिए।
आप का मेयर तेजी से उसे करेगा ?
सिसोदिया ने कहा कि भाजपा जानती है कि वह जो काम नहीं कर सकी, आप का मेयर तेजी से उसे करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि एमसीडी के सदन की बैठक फिर से बुलाई जाए और आज ही मेयर के चुनाव कराये जाएं।’’


Download Android App
Download iOS App



