नई दिल्ली: दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कमर कस ली है। पार्टी 2019 में होने वाले चुनाव के लिए अभी से ग्राउंड पर सक्रिय हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में गुरुवार से शुरु हुई बैठकों के दौर में रविवार को पूर्वी दिल्ली के पदाधिकारी शामिल हुए। पदाधिकारी बैठक की अध्यक्षता दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने की जिसमें संबंधित संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा के पदाधिकारी और विधायकों ने भी भाग लिया। बैठक में पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की लक्ष्मी नगर, गांधीनगर, कोंडली, शाहदरा, त्रिलोकपुरी, जंगपुरा, ओखला, पटपड़गंज, विश्वासनगर, कृष्णानगर विधानसभाओं के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में शाहदरा से विधायक राम निवास गोयल, नितिन त्यागी, प्रवीण देशमुख, मनोज कुमार, अनिल बाजपेई, राजू धींगान, एस के बग्गा व अन्य विधायक शामिल हुए।
रविवार को हुई इस पदाधिकारी बैठक में यह तय किया गया कि संबंधित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन आगामी जनवरी और फरवरी माह में होगा, जिसके तहत 16 जनवरी को कोंडली में और 3 फरवरी को विश्वासनगर में ये जिला सम्मेलन आयोजित होंगे। ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत-पार्ट-2’ के तहत ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति का लक्ष्य पार्टी संगठन ने रखा है। पूरी दिल्ली में 1,32,950 ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाएंगे, जिसमें से पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में 17550 ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाएंगे। इन नियुक्तियों की जिम्मेदारी जिला अध्यक्षों और विधानसभा कम्युनिकेशन इंचार्ज को दी गई है।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



