BRICS Urbanization Forum : समावेशी और लचीले शहरी भविष्य के घोषणा-पत्र को अपनाने के साथ 13वें BRICS शहरीकरण फोरम का नई दिल्ली में सफलतापूर्वक समापन हुआ। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय मंच में 11 BRICS सदस्य देशों के मंत्री और प्रतिनिधि शामिल हुए।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 13वें BRICS Urbanization Forum 2026 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए लोगों-केंद्रित, समावेशी, लचीले और सतत शहरी विकास को आगे बढ़ाने के लिए ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
नई दिल्ली में आयोजित इस मंच के दौरान पहली बार BRICS शहरी मंत्रिस्तरीय घोषणा (ब्रिक्स अर्बन मिनिस्ट्रीयल डिकलरेशन) को अपनाया गया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान यह फोरम शहरी एजेंडे को वैश्विक विकास चर्चा के केंद्र में लाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समावेशी शहरी विकास, जलवायु और आपदा-प्रतिरोधी बुनियादी ढांचा, संस्थागत मजबूती तथा डिजिटल नवाचार भारत की विकास यात्रा के प्रमुख स्तंभ हैं।
अनुभवों और नवाचारों का आदान-प्रदान बेहद महत्वपूर्ण : मनोहर लाल
समापन के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मनोहर लाल ने कहा कि तेजी से हो रहे शहरीकरण की चुनौतियों से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच अनुभवों और नवाचारों का आदान-प्रदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास लोगों की जरूरतों को केंद्र में रखकर किया जाना चाहिए, ताकि सभी वर्गों के लिए बेहतर और सुरक्षित शहरी जीवन सुनिश्चित हो सके।
इस दो दिवसीय मंच में ब्रिक्स सदस्य देशों और साझेदार देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा शहरी विकास से जुड़े अपने राष्ट्रीय अनुभवों और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा किया। उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि सदस्य राष्ट्रों के बीच शहरी विकास के लिए डिजिटल नवाचार साझा किए जाएंगे। इसके लिए रूस से मिले सुझाव पर विचार किया जाएगा।
“सिटीज फॉर पीपल: अर्बन स्टोरीज फ्रॉम ब्रिक्स नेशंस” पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान “सिटीज फॉर पीपल: अर्बन स्टोरीज फ्रॉम ब्रिक्स नेशंस” पुस्तक का भी विमोचन किया गया। इसके साथ ही भारत द्वारा ब्रिक्स अर्बन रिसर्च एंड नॉलेज नेटवर्क की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसका स्वागत सदस्य देशों ने किया। मंच के समापन के साथ ही शहरी विकास के क्षेत्र में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को नई दिशा देने और साझा समाधान विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव श्रीनिवास काटिकिथला ने बताया कि पिछले वर्षों में इस फोरम ने सदस्य देशों को एक-दूसरे के अनुभवों और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने तथा दीर्घकालिक सहयोग के लिए आवश्यक विश्वास विकसित करने का अवसर दिया है। समापन सत्र में ब्रिक्स देशों ने मंत्रीस्तरीय घोषणा-पत्र को अपनाया, जिसमें समावेशी, टिकाऊ, लचीले और रहने योग्य शहरों के निर्माण की प्रतिबद्धता दोहराई गई। घोषणा-पत्र में विशेष रूप से वंचित और कमजोर वर्गों के लिए शहरी सेवाओं तक समान पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
यह भी पढ़ें : https://www.punjabkesari.com/delhi-ncr-news/all-india-national-educational-federation-has-raised-its-voice/


Download Android App
Download iOS App





