नई दिल्ली : एक ओर जहां मोटर व्हीकल एक्ट 2019 लागू होने के बाद से लोग ट्रैफिक नियम फॉलो करते नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र संघ (डूसू) चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद शुक्रवार शाम जीते हुए प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाई। दरअसल सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए हैं।
जिसमें हुड़दंगी यूनिवर्सिटी के आस पास करीब तीन घंटे तक कार में सवार होकर हुड़दंग मचाते रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास नहीं किया। कुछ हुड़दंगी चलती कार के बोनट व छत पर सवार थे तो कुछ अपने आप को खिड़की से बाहर निकालकर नारेबाजी करते दिखे। वीडियो के संज्ञान में आने के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने हुड़दंग में शामिल कार की चालान करने का आश्वासन दिया है। वहीं स्थानीय पुलिस को इस बाबत कोई शिकायत नहीं मिली है।
वीडियो में देखा जा रहा है कि सात कारों का काफिला मौरिस नगर व रूपनगर थाने के पास से गुजरा लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई करना उचित नहीं समझा। कारों पर छात्र चुनाव से संबंधित पोस्टर लगे थे। हुड़दंगी मुखर्जी नगर चौक पर कारों को रोककर डांस कर रहे थे। जबकि पीछे का ट्रैफिक रूका हुआ था। हुड़दंगी हाथों में बैनर लेकर कार की छत पर खड़े हो गए और जोर जोर से नारे लगाने लगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिख रहे कारों की पहचान कर उनका चालान किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



