सुप्रीम कोर्ट यौन-उत्पीड़न के आरोपों की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने के फैसले के खिलाफ स्वयंभू तांत्रिक दाती मदन लाल उर्फ दाती महाराज की अपील पर अगले सोमवार को सुनवाई करेगा। दाती महाराज ने यौन-उत्पीड़न मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंपी गई है।
न्यायमूर्ति एन वी रमन एवं न्यायमूर्ति एम एम शंतनगौदर की पीठ के समक्ष दाती की अपील 22 अक्टूबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध की गई है। गौरतलब है कि हाई कोर्ट ने गत तीन अक्टूबर को हुई सुनवाई के दौरान दाती महाराज को अब तक गिरफ्तार न कर पाने के लिए दिल्ली पुलिस को कड़ी फटकार लगाई थी और मामले को सीबीआई को सौंपने का आदेश जारी किया था।
दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी पुलिस स्टेशन में दाती, उनके तीन भाइयों और एक महिला के खिलाफ एक शिकायत दर्ज करायी गई थी। बाद में 11 जून को एक मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने 22 जून को दाती महाराज से पूछताछ की थी। तीन महीने से अधिक होने के बाद भी यह स्वयंभू तांत्रिक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।


Download Android App
Download iOS App



