CNG Pump Blast : आउटर डिस्ट्रिक्ट के टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास सीएनजी स्टेशन पर हुए ब्लास्ट पर सस्पेंस बरकरार है। अभी जांच एजेंसियों को ब्लास्ट के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। गुरुवार को सीएनजी पंप पर ट्रक में लगा सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फटने से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
सीएनजी पंप पर गैस भरवाने के दौरान ट्रक में लगा सिलेंडर कैसे फटा? क्या ट्रक में रेंज बढ़ाने के लिए अतिरिक्त अवैध रूप से सीएनजी सिलेंडर लगाया गया था? या हादसे का कोई और कारण है ? इसका पता लगाने के लिए मुंडका थाना पुलिस एक्सपर्ट से ट्रक का इंस्पेक्शन करा रही है। इसके अलावा एमएलओ रोहतक को दिल्ली पुलिस ने लेटर लिखकर रजिस्टर्ड वाहन की सारी जानकारी मांगी है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि एक्सपर्ट और एमएलओ की रिपोर्ट के बाद ही इस हादसे के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने सीएनजी पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में लिए हैं। हादसे के बाद एफएसएल की मदद से मौके से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि इस दर्दनाक हादसे में सीएनजी पंप के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुंडका थाने में इस बाबत केस दर्ज कर लिया गया है। हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, सूत्रों की मानें तो ट्रक में अनधिकृत अतिरिक्त सिलेंडर लगा होने की बातें कही जा रही हैं, जिसकी वजह से यह जानलेवा हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस का कहना है कि एक्सपर्ट और एमएलओ की रिपोर्ट के बाद ही सही तथ्यों का पता चल पाएगा। हादसा सीएनजी पंप पर किसी चूक के कारण हुआ या ट्रक के सिलेंडर में ही कुछ गड़बड़ी थी, पुलिस सभी बातों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
यहां बता दें कि टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास गुरुवार को एक सीएनजी रिफिलिंग स्टेशन पर ट्रक में गैस भरने के दौरान ट्रक में लगा सीएनजी सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया था। हादसे में सीएनजी पंप पर कार्यरत तीन कर्मचारी मनीष (25), ब्रह्मजीत (34) और सन्नी (30) की मौत हो गई, जबकि सुरजीत, संजय और विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।



Download Android App
Download iOS App




