मंदसौर : स्क्रब टाइफस के बाद जिले में अब स्वाइन फ्लू ने पैर पसार लिए हैं। स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद मंगलवार को एक महिला को उदयपुर रैफर किया था, जिसकी इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। इधर, मामले में अब स्वास्थ्य विभाग सचेत हुआ है। अधिकारियों का दावा है कि प्रत्येक मरीज की स्क्रीनिंग की जा रही है। मृतक महिला के परिजन व आसपास के क्षेत्र में स्क्रीनिंग कराई जाएगी। हालांकि इस साल अब तक स्वाइन फ्लू के मरीज नहीं मिले हैं।
बूढ़ी चौक दत्ता घाटी निवासी 60 वर्षीय महिला को सर्दी-जुकाम की शिकायत हुई। उन्होंने निजी क्लीनिक पर इलाज शुरू कराया। शनिवार को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इसके बाद महिला को उदयपुर रैफर किया। जहां सिविल अस्पताल में महिला का इलाज हुआ। बुधवार दोपहर को महिला की मौत हो गई। मृतका के रिश्तेदार ने बताया फिलहाल मौत की सूचना जिला अस्पताल को नहीं दी है। स्वाइन फ्लू होने की जानकारी उदयपुर अस्पताल ने जिला अस्पताल को दी थी। इससे पहले जिले में स्क्रब टाइफस के करीब 67 मरीज मिल चुके हैं। इनकी इतनी बड़ी संख्या होने के चलते भोपाल की एक टीम ने मंदसौर पहुंचकर गांव-गांव में निरीक्षण भी किया। प्रभावित गांवों से 5 चूहे पकड़े और जांच के लिए सैंपल दिल्ली भेजे गए है। हालांकि उनकी रिपोर्ट अब तक नहीं आई है।
बढ़ रहे हैं सर्दी-जुकाम के मरीज: जिला अस्पताल में सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को भी करीब 243 मरीज सर्दी-जुकाम के पहुंचे। इनकी लगातार बढ़ती संख्या देखकर जिला प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है। सभी मरीजों को बीमारी की जानकारी दी जा रही है। तथा उनकी स्क्रीनिंग भी की जा रही है। इसके अलावा विभिन्न गांवों में टीमें भी सर्वे कर रही हैं।
टीम को पिछले दिनों तीन मरीज और मिले थे। उदयपुर में इलाज के दौरान मंदसौर की महिला की मौत जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार स्वाइन फ्लू वायरस से फैलने वाला रोग है। इसमें सबसे पहले सर्दी-जुकाम होता है और दो दिनों बाद सांस लेने में तकलीफ होने लगती है। यह इतना घातक है कि इससे मरीज की मौत भी हो सकती है।
इससे बचने के लिए सर्दी-जुकाम के संक्रमित रोगी को दूसरों से दूर रहना चाहिए। संक्रमित रोगी का रूमाल व वस्तुओं का उपयोग भी नहीं करना चाहिए। सर्दी-जुकाम में शंका होने पर तत्काल जांच कराई जाना चाहिए ताकि समय पर इलाज हो। स्वाइन फ्लू से एक महिला की मौत की जानकारी मिली है। अब उसके परिजन व आसपास के लोगों का भी परीक्षण कराया जाएगा। हालांकि इससे पहले भी हमारी टीम गांव-गांव में सर्वे कर रही है। अलर्ट जारी किया जा चुका है। -महेश मालवीय, सीएमएचओ मंदसौर।


Download Android App
Download iOS App



