नई दिल्ली : नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र अनधिकृत कॉलोनी निवासी संपत्ति अधिकार मान्यता विधेयक, 2019 के लोकसभा में पारित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि दशकों से लटके हुए काम को उन्होंने मुमकिन कर दिखाया है उससे वर्तमान पीढ़ी को ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी आत्म सम्मान के साथ जीने का अधिकार मिला है।
उनके जीवन से अनधिकृत कॉलोनी के निवासी होने का तमगा हट गया है। उन्हें अधिकृत कॉलोनियों के समान सभी अधिकार प्राप्त हो गए हैं और विकास की नई धारा का सूत्रपात हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसे लोगों को उनने घरों का मालिकाना हक देकर वास्तव में उन्हें अपनी छत देने का काम किया है।
नेता विपक्ष ने कहा कि 40 लाख लोग जो अभी तक अनधिकृत कॉलोनी के निवासी कहे जाते थेे, वे अब डीडीए कॉलोनियों के निवासियों के रूप में मान्यता प्राप्त हो गये हैं। यह उनके लिए अब सम्मान की बात है। अभी तक इन कॉलोनियों के निवासियों को बैंक सुविधा के लिए मीलों दूर जाना पड़ता था, यहां न समुदाय भवन बन सकते थे न पार्क।
यहां तक कि सांसद अपना फंड भी विकास कार्यों के लिए नहीं लगा सकते थे, लेकिन ये सब अब भूतकाल की बातें बनकर रह जाएंगी। इन कॉलोनियों में अब प्रधानमंत्री उदय योजना के अंतर्गत विकास की बयार बहेगी।


Download Android App
Download iOS App



