SDM कार्यालय में तहसीलदार से मारपीट, वकीलों के खिलाफ FIR

Summary :

Tehsildar Assaulted In SDM Office : गीता कॉलोनी स्थित एसडीएम कार्यालय में घुसकर पटपड़गंज के तहसीलदार मनोज कुमार सिंह के साथ कथित मारपीट के मामले में लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने वकील अभय वोहरा, उनके पिता और अन्य वकीलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के विरोध में दिल्ली के तहसीलदार लामबंद हो गए हैं और कार्यालयों में काम रोक दिया। वहीं, दूसरी ओर वकीलों ने तहसीलदार पर रिश्वत मांगने और एक वकील का मोबाइल…

Tehsildar Assaulted In SDM Office : गीता कॉलोनी स्थित एसडीएम कार्यालय में घुसकर पटपड़गंज के तहसीलदार मनोज कुमार सिंह के साथ कथित मारपीट के मामले में लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने वकील अभय वोहरा, उनके पिता और अन्य वकीलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के विरोध में दिल्ली के तहसीलदार लामबंद हो गए हैं और कार्यालयों में काम रोक दिया। वहीं, दूसरी ओर वकीलों ने तहसीलदार पर रिश्वत मांगने और एक वकील का मोबाइल फोन छीनने के आरोप लगाए हैं। लक्ष्मी नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक तहसीलदार मनोज कुमार सिंह ने शिकायत में बताया कि गत 23 अक्टूबर को वह एसडीएम कार्यालय के कमरा नंबर 17 में सरकारी कामकाज कर रहे थे। इसी दौरान वकील अभय वोहरा अपने पिता और अन्य वकीलों के साथ वहां पहुंचे। एक मुवक्किल के एसएमसी आवेदन को रद्द करने के मुद्दे पर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। तहसीलदार के मुताबिक, दो सगे भाइयों की उम्र के अंतर से जुड़े मामले में प्रमाणपत्र जारी करने से इनकार करने के कारण विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई तथा उनका वीडियो भी बनाया गया।

शिकायत के अनुसार, सिविल डिफेंस वालंटियर राजकुमार ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन्हें भी धक्का दिया गया। इसके बाद तहसीलदार ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर सूचना दी और गांधी नगर के एसडीएम जितेंद्र कुमार को भी घटना से अवगत कराया। कुछ देर बाद लक्ष्मी नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
तहसीलदार ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वह भयभीत थे, इसलिए उसी दिन शिकायत नहीं दे सके। उन्होंने 24 अक्टूबर को लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने 25 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की। इसमें सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने, ड्यूटी से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल प्रयोग करने, चोट पहुंचाने, सामान्य आशय और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।

वकीलों ने लगाए रिश्वत मांगने के आरोप

दूसरी ओर, वकीलों का आरोप है कि तहसीलदार ने कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक वकील के साथ मारपीट की गई और घटना का वीडियो बनाने की कोशिश करने पर उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर अन्य वकील कार्यालय पहुंचे, जहां विवाद बढ़ गया और तहसीलदार के साथ मारपीट हुई।

 

 

Sumant Chaudhary