नई दिल्ली: बॉटनिकल गार्डन-कालकाजी लाइन पर अगले सप्ताह से मेट्रो का परिचालन शुरू हो सकता है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) इस लाइन के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य को आमंत्रित करने की प्रकिया में है। इस लाइन की शुरुआत के मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी निमंत्रण भेजा जाएगा। डीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) ने इस लाइन का 13 से 15 नवंबर के बीच निरीक्षण किया था और कुछ शर्तों के साथ इस लाइन को शुरू करने के लिए अपनी क्लीयरेंस दी थी।
डीएमआरसी ने गत सप्ताह उन शर्तों को पूरा करके रिपोर्ट सीएमआरएस के पास भेज दी थी। जिसके बाद यह लाइन संभवतः अगले सप्ताह तक शुरू होगी। अधिकारी ने बताया कि इस लाइन के दो छोर पर उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित हो सकते हैं। जिनमें डीएमआरसी, केन्द्र एवं दिल्ली सरकार के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस लाइन पर ट्रेनो की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने के लिए संचार आधारित ट्रेन नियंत्रण सिस्टम (सीबीसीटी) लगाया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर इस लाइन पर प्लेटफार्म स्क्रीन डोर भी लगाये गये हैं। यह लाइन स्टेंडर्ड गेज होगी लेकिन इस पर ब्रॉडगेज पर चलने वाले डिब्बे लगाये जाएंगे। जिनमें ज्यादा लोग यात्रा कर सकेंगे।
साथ ही इस लाइन पर डीएमआरसी नेटवर्क की सबसे तेज मेट्रो दौड़ेगी। जिसकी रफ्तार 40 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी। जबकि फिलहाल चल रही सभी मेट्रो की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रतिघंटा के आसपास है। इस रूट के शुरू होने से कालकाजी नया इंटरचेंज मेट्रो स्टशेन बन जाएगा जिससे लोग यहां से यात्रा कर समय बचा सकेंगे। इसकी शुरुआत से नोएडा एवं दक्षिणी दिल्ली का बड़ा हिस्सा आपस में जुड़ जाएगा और लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।
लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें


Download Android App
Download iOS App



