नई दिल्ली : नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जामिया यूनिवर्सिटी और जामिया नगर इलाके में हुए प्रदर्शनों के सनसनीखेज वीडियो सामने आए हैं। वीडियो में दिखता है कि किस तरह से उपद्रवी तत्वों ने एक बाइक और बस को आग के हवाले कर दिया। बीते 15 दिसंबर को हुए प्रदर्शन के यह वीडियो आंदोलन का हिंसक चेहरा सामने लाता हैं।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में यह बात सामने आई है कि उपद्रवी तत्व एक बाइक से पेट्रोल निकालते हैं और फिर एक बस को आग के हवाले कर देते हैं। बता दें कि जामिया यूनिवर्सिटी और जामिया नगर में हुए प्रदर्शन पर काबू पाने के लिए पुलिस पर बर्बरता दिखाने का आरोप लगा था।
अब यह वीडियो प्रदर्शनकारियों के इस पक्ष को कमजोर करते दिखते हैं कि पुलिस ने बिना किसी उकसावे के ही उन पर बल प्रयोग किया था। गौरतलब है कि यूनिवर्सिटी की लाइब्रेरी में घुसकर छात्रों पर ऐक्शन और छात्राओं की पिटाई को लेकर दिल्ली पुलिस की काफी निंदा की जा रही थी।
दिल्ली पुलिस ने हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद यूनिवर्सिटी के छात्रों के अलावा आसपास के लोगों के भी शामिल होने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि पुलिस की तरफ से कोई गोली नहीं चली है न ही किसी की हिंसा की वजह से जान गई है।
जामिया प्रदर्शन के समर्थन में पहुंच रहे वामपंथी
जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों का प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को विद्यार्थियों के समर्थन में वाम संगठन के कई नेताओं का समर्थन मिला।
वहीं सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि बीते दिनों जिस प्रकार से दिल्ली पुलिस ने जामिया के अंदर घुसकर विद्यार्थियों को मारा-पीटा यह सही नहीं है।
जबकि विद्यार्थी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए प्रदर्शन कर रहे थे। बावजूद इसके पुलिस ने इनपर हमला किया, यह शर्मनाक है।


Download Android App
Download iOS App



