लुटियंस जोन में आईएएस-आईपीएस दंपति के घर चोरी, आरोपी गिरफ्तार

Summary :

Theft In Lutyens Zone :वसीम सैफी /  राजधानी दिल्ली के अतिसुरक्षित और पॉश काका नगर कॉलोनी में वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस दंपति के घर चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोपी दबे पांव घर में घुसा और कीमती आईफोन-15 प्रो समेत दो फोन, एक डायमंड रिंग, कैश, महत्वपूर्ण दस्तावेज व अन्य सामान चोरी कर ले गया। वारदात गत 11 अगस्त की है। पीड़ित 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी वर्तमान में दिल्ली पुलिस में डीसीपी रैंक पर तैनात हैं, जबकि 2016 बैच की आईएएस अधिकारी उनकी पत्नी दिल्ली सरकार में तैनात हैं। वारदात उस वक्त हुई, जब डीसीपी सुबह करीब…

Theft In Lutyens Zone :वसीम सैफी /  राजधानी दिल्ली के अतिसुरक्षित और पॉश काका नगर कॉलोनी में वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस दंपति के घर चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोपी दबे पांव घर में घुसा और कीमती आईफोन-15 प्रो समेत दो फोन, एक डायमंड रिंग, कैश, महत्वपूर्ण दस्तावेज व अन्य सामान चोरी कर ले गया। वारदात गत 11 अगस्त की है। पीड़ित 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी वर्तमान में दिल्ली पुलिस में डीसीपी रैंक पर तैनात हैं, जबकि 2016 बैच की आईएएस अधिकारी उनकी पत्नी दिल्ली सरकार में तैनात हैं। वारदात उस वक्त हुई, जब डीसीपी सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से ड्यूटी के लिए गए थे। इसी बीच बदमाश ने घर में सेंध लगाई।

डीसीपी (नई दिल्ली) सचिन शर्मा ने बताया कि इस बाबत शिकायत के आधार पर तुगलक रोड थाने में चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। आरोपी को पकड़ने के लिए एसीपी सतन सिंह की देखरेख में एसएचओ (तुगलक रोड) उमेश चंद शर्मा के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल हेमंत, कांस्टेबल लोकेश, मोहित, हुकम सिंह आदि की क्रैक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी के साथ लोकल इंटेलिजेंस के माध्यम से संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी जुटाई।

पुलिस को लीड मिली और वारदात में शामिल आरोपी की पहचान इमरान उर्फ सावन के तौर पर कर ली गई। वह अपने परिवार के साथ नाला झुग्गी, तैमूर नगर में रहता है। आरोपी की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम ने उसके ठिकानों पर दबिश डालकर उसे धर दबोचा। उसके पास से चोरी के दो फोन, डायमंड रिंग व अन्य सामान बरामद कर लिया गया है। चोरी के अन्य सामान की रिकवरी के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस इलाके में हुई चोरी की अन्य वारदातों में आरोपी इमरान की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Sumant Chaudhary