शिरडी जाते वक्त पुणे में ‌हिरासत में ली गई तृप्ति देसाई

Summary :

मंदिरों में महिलाओं के प्रवेश को लेकर आंदोलन चला रही भूमाता ब्रिगेड की अध्यक्ष तृप्ति देसाई को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। तृप्ति देसाई शिरडी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने जा रही थीं।

मंदिरों में महिलाओं के प्रवेश को लेकर आंदोलन चला रही भूमाता ब्रिगेड की अध्यक्ष तृप्ति देसाई को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। तृप्ति देसाई शिरडी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने जा रही थीं। इस दौरान तृप्ति देसाई और पुलिस के बीच जमकर बहस हुई. पुलिस ने तृप्ति देसाई को लगभग उठाकर कार में डाल दिया। पीएम मोदी शुक्रवार को साईंबाबा की समाधि के सौ साल होने पर पूरे साल चले महोत्सव के समापन समारोह में शिरकत करेंगे।

गुरुवार को तृप्ति देसाई ने अहमदनगर के एसपी को पत्र लिखकर कहा था कि पीएम से उनकी मुलाकात की व्यवस्था कराई जाए। तृप्ति देसाई सबरीमाला मंदिर में महिला के प्रवेश को लेकर पीएम मोदी से बात करना चाहती थीं। तृप्ति देसाई ने धमकी दी थी कि अगर पीएम से उनकी मुलाकात की व्यवस्था नहीं की जाएगी तो वे अपने समर्थकों के साथ पीएम के काफिले को शरडी पहुंचने से पहले ही रोक देंगी।

तृप्ति ने कहा कि उनके घर के बाहर सुबह से ही पुलिस तैनात थी। तृप्ति के मुताबिक जैसे ही वो अपने समर्थकों के साथ घर से निकलीं पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. तृप्ति ने कहा, ”विरोध करना हमारा संवैधानिक अधिकारी है। हमें घर में ही रोक लिया गया है, ये हमारे आवाज को दबाने की कोशिश है।” बता दें कि केरल स्थित सबरीमाला मंदिर में 10 से 50 साल आयुवर्ग की महिलाओं के प्रवेश पर रोक को लेकर दूसरे दिन भी तनाव बरकरार है। स्थानीय महिलाएं सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का विरोध कर रही हैं।
इधर पीएम आज (19 अक्टूबर) एक विशेष विमान से शिरडी के नए हवाई अड्डे पर उतरेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर से श्री साईंबाबा संस्थान न्यास (एसएसएसटी) के लिए रवाना होंगे। वहां मंदिर में विशेष पूजा करने के बाद एक विशेष ध्वजा फहराएंगे। सभी समुदायों में पूजनीय साईंबाबा का देहावसान 1918 में दशहरा के ही दिन अहमद नगर जिले के शिरडी गांव में हुआ था। उनकी समाधि की शताब्दी पर न्यास द्वारा पूरे साल उत्सव मनाया गया। पीएम इस कार्यक्रम का 19 अक्टूबर को समापन करेंगे।

Desk Team