दिल्ली में रात्रि कर्फ्यू के दौरान पहले से पंजीकरण के बिना कोविड-19 टीका लेने के लिए जाने वालों को ई-पास लेने होंगे। अधिकारियों ने बुधवार को इस बारे में बताया। कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के कारण दिल्ली सरकार ने मंगलवार को 30 अप्रैल तक रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक राष्ट्रीय राजधानी में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शहर में मंगलवार को संक्रमण के 5100 मामले आए तथा 17 और लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों के मुताबिक टीकाकरण के लिए जाने वालों को भी छूट मिली हुई है जो ‘कोविन ऐप के जरिए मिले मैसेज को दिखा सकते हैं और टीकाकरण केंद्र पर जा सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने रात्रि कर्फ्यू लगाने को उचित ठहराते हुए कहा कि ऐसे समय में जब संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं कई लोग पार्टी आयोजित कर रहे थे और सामाजिक जमावड़ा बढ़ रहा था। उन्होंने कहा कि यह कठोर कदम नहीं है क्योंकि कई श्रेणियों में छूट भी दी गयी है।
उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन केंद्र पर जाकर पंजीकरण कराकर टीका लेने वालों को पहले ई-पास लेने की जरूरत होगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘डीडीएमए के निर्देश के तहत रात्रि कर्फ्यू के दौरान ई-पास दिखाकर लोग टीका लेने के लिए जा सकते हैं।’’
हालांकि, अधिकारी ने कहा कि आम तौर पर रात के समय कम ही लोग बाहर निकलते हैं। जैन से संवाददाताओं से बात करते हुए आशंका जतायी कि अगर संक्रमण दर में वृद्धि होती रही और लोगों ने सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया तो नए मामलों का रिकॉर्ड भी टूट सकता है।


Download Android App
Download iOS App



