नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के संबंध में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा दिए बयान पर चुनाव आयोग ने पार्टी को नोटिस थमा दिया है। दरअसल, एक प्रेसवार्ता की शुरूआत करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मनोज तिवारी के लिए कहा कि ‘मनोज तिवारी नाचते बहुत अच्छा हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान की भाजपा ने निंदा की, साथ ही मामला चुनाव आयोग को सौंप दिया।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी द्वारा दिए गए शिकायत के आधार पर चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम के समक्ष अपना पक्ष रखने को कहा है। इसके अलावा आप प्रत्याशी आतिशी द्वारा भाजपा को गुंडा करने पर नोटिस दिया गया है। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने इस संबंध में शिकायत दी थी। उन्होंने कहा कि आतिशी ने चुनावी सभा में कहा कि गुंडों को हराना बहुत जरूरी है।
कार से 3.64 लाख बरामद… मतदान की तारीख नजदीक आते ही पैसों की लेनदेन तेज हो गई है। चुनाव आयोग की एसएसटी टीम ने कृष्णा नगर थाने क्षेत्र में एक कार से 3.64 लाख रुपये बरामद किए। इसके अलावा चांदनी चौक में सभा करने के लिए कांग्रेस के पास चार बजे तक की अनुमति थी लेकिन समय के बाद भी कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसे देख आयोग ने जेपी अग्रवाल के खिलाफ डीडी एंट्री दर्ज कर दी है। इसके अलावा बिना अनुमति सभा करने पर कांग्रेस नेता दयानंद चंदीला के खिलाफ तिलक नगर में कलंद्रा दर्ज हो गया है।
तेज हुई धरपकड़
चुनाव के दौरान आपराधिक गतिविधियों को रोकने चुनाव आयोग की धरपकड़ तेज हो गई है। दिल्ली में 349212 होर्डिंग बैनर्स हटाए गए। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन मामले में 252 एफआईआर या डीडी दर्ज की गई। इसके अलावा 668 गैर लाइसेंसी हथियार व 2972 कारतूस जब्त किए गए। वहीं 1412 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए गए। 107417 व्यक्तियों पर विभिन्न धाराओं के अंतर्गत नामजद किए गए। आबकारी अधिनियम के तहत 1297 एफआईआर दर्ज की गई। 1293 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
एक चौथाई मामले हो रहे फेल
सी विजिल एप के माध्यम से रोजाना चुनाव आयोग को मामले मिल रहे हैं, लेकिन इनमें से एक चौथाई मामले पहले दौर में ही फेल हो रहे हैं। सी विजिल एप से अबतक 2384 मामले चुनाव आयोग के सामने आए। इसमें से 555 मामलों को आरओ या डीसीसी द्वारा प्राथमिक जांच में ही बंद कर दिए गए। आयोग ने कुल 1828 मामलों को सही पाया।


Download Android App
Download iOS App



