नई दिल्ली : दिल्ली कैंट विधानसभा के अंतर्गत अनंतराम डेयरी कॉलोनी में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी ने दौरा किया। इस अवसर पर सांसद ने कॉलोनीवासियों को आश्वस्त किया कि वे आगामी तीन से चार माह में उन्हें भी 1731 कॉलोनियों की भांति मालिकाना हक दिलाएंगे। इसके लिए संबंधित विभागों से तालमेल कर कार्य को गति दी जाएगी। अनंतराम डेयरी कॉलोनी सुधार सभा के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा ने बताया कि समिति के अथक प्रयासों के चलते सांसद मनोज तिवारी ने उनके बीच पहुंचकर कॉलोनीवासियों की समस्या को जाना।
उन्होंने बताया कि कॉलोनीवासियों की मांग थी कि उन्हें दिल्ली की 1731 अनधिकृत कॉलोनिवासियों की तरह ही मालिकाना हक दिया जाए। दरअसल इस कॉलोनी में रहने वालों के पास आज तक अपने घरों का मालिकाना हक नहीं है। सभा के कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अनंतराम डेयरी कॉलोनी में करीब 185 प्लॉट हैं जिनमें 117 प्लॉट 30 मीटर, कुछ 50 मीटर और कुछ उससे बड़े हैं।
उन्होंने बताया कि इस कॉलोनी को समृद्ध (एफ्लूअन्ट) मानकर कभी गौर नहीं किया गया, जबकि यहां पर 80 फीसद लोग निम्न और सामान्य वर्ग के रहते हैं। इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष अशोक पहलवान भी उपस्थित रहे जिन्होंने मनोज तिवारी को कॉलोनी की बारीकी से जानकारी दी।
इस अवसर पर समिति के लोगों से मिली जानकारी के बाद सांसद मनोज तिवारी ने उन सभी को आश्वस्त किया कि वे केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय, डीडीए और अन्य सरकारी एजेंसियों से संपर्क साधकर आगामी तीन से चार माह में कॉलोनिवासियों को भी मालिकाना हक दिलवाएंगे। इस अवसर पर सभी ने सांसद का गर्मजोशी से स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया।


Download Android App
Download iOS App



