IND Vs AFG T20 : अरुण जेटली स्टेडियम में 13 सितंबर को भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले टी-20 क्रिकेट मैच को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है। स्टेडियम और इसके आसपास के इलाकों में दोपहर 2 बजे से ट्रैफिक प्रतिबंध, डायवर्जन और पार्किंग संबंधी नियम लागू रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मैच स्थल वाले इलाके में अनावश्यक आवाजाही से बचें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
डीसीपी सेंट्रल ट्रैफिक के रमेश के मुताबिक मैच के दौरान स्टेडियम के आसपास बड़ी संख्या में दर्शकों और वाहनों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और निर्धारित मार्गों पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
दर्शकों के लिए खास हिदायत
मैच देखने आने वाले दर्शकों से कहा गया है कि वे प्रवेश और पार्किंग के लिए केवल निर्धारित स्थानों का इस्तेमाल करें। ऐप आधारित टैक्सी के लिए भी तय पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ प्वाइंट का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर वाहन खड़ा करने या प्रतिबंधित स्थानों पर रुकने से बचें। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे रास्ते में लगाए गए डायवर्जन बोर्ड और ट्रैफिक संकेतों का पालन करें, ताकि मैच के दौरान जाम की स्थिति से बचा जा सके।


Download Android App
Download iOS App




